Deoli News 5 जुलाई (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) शहर में शुक्रवार को सीजन की एक दिन में सर्वाधिक वर्षा रिकॉर्ड हुई है। शुक्रवार को शहर में बीते 10 घण्टों के दौरान करीब 7 इंच बरसात दर्ज हुई है।
तहसील कार्यालय के अनुसार सुबह 6 बजे से बारिश का दौर शुरू हुआ, वह शाम 4 बजे तक जारी रहा। नियंत्रण कक्ष में बीते 10 घण्टों के दौरान 174 एमएम यानि करीब 7 इंच वर्षा दर्ज हुई है। इस दौरान शहर के बंगाली कॉलोनी में बने क़ई मकानों में वर्षा का पानी भीतर प्रवेश कर गया। जिससे लोगो को असुविधा का सामना करना पड़ा। देवली उपखंड कार्यालय परिसर में तो 2-2 फीट पानी भर गया। प्रशासन ने नगरपालिका को तत्काल कार्रवाई कर पानी निकालने के लिए निर्देश दिए। शाम 4 बजे नगरपालिका प्रशासन ने जेसीबी मशीन के जरिए छेद कर बाढ़ के पानी को विवेकानंद कॉलोनी के नाले के रास्ते बाहर निकालने की कार्रवाई की। शहर में एक दिन में 7 इंच बारिश से शहर के कूंचलवाड़ा रोड, हनुमान नगर, ज्योति कोलोनी, श्याम नगर समेत कई क्षेत्रों में कोलोनी के लोगो के लिए जलभराव ने भारी दिक्कतें पैदा कर दी।
यहां गौरतलब है बीते 10 घण्टों में 174 एमएम बरसात ने इस सीजन का रिकॉर्ड कायम किया है। इस तरह शाम 4 बजे क्षेत्र के बीसलपुर बांध का जल स्तर आरएल 310.07 मीटर हो गया। पिछले 4 घंटे के भीतर डैम में 7 सेंटीमीटर पानी की आवक हुई है।
डाबर गांव की मुख्य आबादी में पानी घुसा
क्षेत्र में हुई बारिश के बाद डाबर कला की मुख्य आबादी में पानी घुस गया। सूचना पर देवली तहसीलदार वीरेंद्र सिंह शक्तावत मौके पर पहुंचे तथा स्वयं की मौजूदगी में पानी की निकासी कराई। दरअसल नालियों की सफाई नहीं होने से खेतों से आया पानी मुख्य आबादी में घुस गया। इसकी सूचना पर तहसीलदार, ग्राम पंचायत सरपंच, पटवारी सुशील जैन समेत कर्मचारी मौके पर पहुंचे तथा मशीन की मदद से पानी की निकासी करवाई।



