Deoli News 13 जुलाई (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) करीब एक सप्ताह बाद देवली समेत आसपास के गांव में शुक्रवार रात व शनिवार को झमाझम मूसलाधार बारिश हुई। इससे सड़कों पर पानी बहने लगा। वही तेज उमस व गर्मी से राहत मिली है।
गौरतलब है कि शुक्रवार रात 10 बजे बाद देवली शहर आसपास के इलाके में झमाझम बारिश हुई। खेतों में पानी भर गया। वहीं कई नाले उफान पर आ गए। देवली तहसील स्थित वर्षामापी यंत्र के अनुसार शुक्रवार रात 10 बजे से लेकर शनिवार शाम 6 बजे तक 51 एमएम बारिश रिकार्ड की गई। इसमें रात 10 बजे से सुबह 6 बजे तक 47 एमएम बारिश रिकॉर्ड की गई। देवली शहर में भी शुक्रवार रात व शनिवार दोपहर जमकर बारिश हुई। देवली के तहसील परिसर में पूर्व की भांति पानी भर गया। वही कई नीची बस्तियों में पानी एकत्र हो गया, जो लोगों के घरों में चला गया। उधर, संथली से राजमहल मार्ग पर नाला सुबह व दोपहर उफान पर रहा। लोगों ने बताया कि नाले पर कई फीट पानी गुजर रहा था। जिस पर से पानी तेज रफ्तार से गुजरा। इसकी वजह से आवागमन थम गया। लोगों को 30 किलोमीटर की दूरी तय कर राजमहल जाना पड़ा।
इसी प्रकार बीसलपुर डैम का जलस्तर शनिवार शाम 5 बजे तक आरएल 310.27 मीटर हो गया। वहीं दोपहर 2 से 5 बजे तक 42 एमएम बारिश रिकार्ड की गई। बांध में मौजूदा समय में 11.543 टीएमसी पानी है। इधर, 14 फीट भराव क्षमता वाले पनवाड़ सागर में 10.6 फीट पानी भर चुका है। वहीं चांदली का तालाब पूर्ण भराव से करीब आधा फीट कम है। यहां कुल भराव क्षमता साढ़े 7 फ़ीट है। राजकोट तालाब पूरा भरकर ओवरफ्लो हो गया है। सीतापुरा में साढ़े 6 फ़ीट पानी भर चुका है।



