कला संकाय से वंचित विद्यार्थी, हर बार मिला केवल भरोसा
Jahazpur News 19 जुलाई (आज़ाद नेब) उपखंड के बांकरा गांव स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में कला संकाय नहीं होने से विद्यार्थी दूरस्थ स्कूलों में जाने को मजबूर है, गांव की बेटियां केवल इस वजह से पढ़ाई छोड़ रही। यह बांकरा गांव के लोगों का कहना है।
दरअसल बांकरा में कला संकाय के नहीं होने से विद्यार्थियों को मजबूरी में विज्ञान संकाय लेना पड़ रहा हैं। कई छात्र छात्राओं की आगे की पढ़ाई छूट रही है। इससे विद्यार्थियों का सपना अधूरा ही रह रहा है। ग्रामीणों के मुताबिक बांकरा गांव में आसपास के दर्जनों गांवों के विद्यार्थी भी पढ़ने आते हैं। बांकरा गांव के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में कला संकाय नहीं होने की वजह से हर वर्ष पढ़ाई को लेकर छात्र-छात्राओं तथा अभिभावकों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। वर्तमान में 400 से ज्यादा का नामांकन है। इनमें से छात्राओं की संख्या ज्यादा है। मनवांछित संकाय नहीं मिलने से गत वर्ष 50 छात्र छात्राओं ने 10 वीं के बाद टीसी कटवाई। जबकि इस वर्ष 90 से ज्यादा छात्र छात्राएं आगे की पढ़ाई के लिए जीप में जा रहे हैं। इस जीप में 15 से 20 बच्चे बैठ रहे है, जो जोखिमपूर्ण है।
बाकरा विद्यालय के स्थापित हुए कई वर्ष बीत जाने के बाद भी विज्ञान संकाय ही है। ग्रामवासियों ने कई बार कला संकाय खोलने की मांग की हैं। लेकिन हर बार जनप्रतिनिधियों से केवल आश्वासन मिला। भाजपा एसटी मोर्चा जिला महामंत्री राम कुंवार मीणा का कहना है कि किसी भी छात्र छात्रा का सपना धूमिल ना हो, इसके लिए क्षेत्रीय विधायक गोपीचंद मीना के साथ शिक्षा मंत्री को ज्ञापन दिया गया है। कला संकाय खुलवाना पहली प्राथमिकता रहेगी।



