Desk News 19 जुलाई देवली (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) अतिरिक्त जिला कलक्टर ने शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में राज्य बजट घोषणा 2024-25 एवं मुख्यमंत्री वृक्षारोपण महाभियान, अमृत पर्यावरण महोत्सव को लेकर जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ बैठक ली।
एडीएम ने कहा कि राज्य सरकार की मंशा के अनुसार अधिकारी बजट घोषणाओं का क्रियान्वयन सुनिश्चित करें। जिससे आमजन को कम से कम समय में जनहित के विकास कार्यों व योजनाओं का लाभ मिल सके। उन्होंने केंद्र व राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का बेहतर प्रचार-प्रसार करने पर जोर दिया। एडीएम ने कहा कि मुख्यमंत्री वृक्षारोपण महाअभियान के तहत जिलेभर में 28 जुलाई को विश्व प्रकृति संरक्षण दिवस एवं 8 अगस्त को अमृत पर्यावरण महोत्सव को प्रभात फेरी सहित अन्य नवाचार किए जाएं।
महाभियान को जन आंदोलन के रूप में परिवर्तित करने के लिए जिले में हर वर्ग के लोग अधिकाधिक पौधारोपण करें। किसानों, युवाओं, व्यापारियों, बच्चों, औद्योगिक संस्थानों, गैर सरकारी संगठन समेत अन्य संगठनों एवं आमजन को इसमें शामिल करें। एडीएम ने सीआईएसएफ देवली से आए हुए अधिकारियों को महाभियान में अपना सहयोग देने की बात कही। अभियान को सफल बनाने के लिए एडीएम ने सभी विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि पौधों के पेड़ बनने तक उनकी देखभाल भी की जाएं। अभियान की उच्च स्तर पर निरंतर पर मॉनिटरिंग की जा रही है।
एडीएम ने शिक्षा विभाग के अधिकारियों को स्कूल के बच्चों के माध्यम से पौधे लगाकर उसके सार-संभाल की जिम्मेदारी दी जाए, ताकि पर्यावरण के प्रति बच्चों में अपनत्व की भावना आ सके।


