लापरवाही की ग्रामीणों ने की शिकायत, कार्रवाई की मांग
Deoli News 28 अप्रैल (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) चाँदली पंचायत के रतनपुरा में विद्युत निगम के लाइनमैन की लापरवाही का एक मामला सामने आया है। ग्रामीणों ने लाइनमैन की लापरवाही को लेकर सोमवार को उपखंड अधिकारी को शिकायत की है और कार्रवाई की मांग की है।
शिकायत के अनुसार, रतनपुरा गांव में शनिवार दोपहर से बिजली गुल थी, जबकि आसपास के सभी गांवों में बिजली आ चुकी थी। ग्रामीणों ने लाइनमैन हरिओम वर्मा को बार-बार सूचित किया, लेकिन उन्होंने कोई कार्रवाई नहीं की। यहां तक कि उन्होंने ग्रामीणों को यह कहकर टाल दिया कि वह आ रहे हैं, लेकिन वह नहीं आया। ग्रामीणों ने एफआरटी टीम को भी शिकायत दर्ज कराई।
लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। आखिरकार, ग्रामीणों ने खुद ही बिजली की समस्या का समाधान करने का फैसला किया और रविवार रात के अंधेरे में ट्रांसफार्मर पर चढ़कर बिजली की समस्या को ठीक किया। ग्रामीणों ने उपखंड अधिकारी से लाइनमैन के खिलाफ कार्रवाई करने का अनुरोध किया है और कहा है कि उनकी लापरवाही के कारण ग्रामीणों को बेहद परेशानी का सामना करना पड़ा। इस मामले में ग्रामीणों ने अधीक्षण अभियंता और मुख्यमंत्री संपर्क पोर्टल पर भी शिकायत की है और लाइनमैन के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।



