नासिरदा में देंगे, देवली के तीन चिकित्सक ड्यूटी
Deoli News 21 जून (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नासिरदा में चिकित्सा विभाग ने स्थाई चिकित्सक की नियुक्ति की बजाय अस्थाई समाधान किया है। इसके तहत अब देवली चिकित्सालय के तीन डॉक्टर्स दो-दो दिन अपनी सेवा देंगे।
इसे लेकर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. शैलेंद्र सिंह चौधरी ने उपजिला चिकित्सालय प्रभारी को पत्र लिखा है। इसमें बताया कि गत 18 जून को राज्य स्तरीय टीम की ओर से निरीक्षण के दौरान दिए गए निर्देश अनुसार देवली चिकित्सालय से तीन डॉक्टर दो-दो दिन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नासिरदा में लगाने को कहा गया था। इस पर देवली से डॉ. नवरत्न, डॉ. कुलदीप सिंह और डॉ. हर्षवर्धन यादव को दो-दो दिन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नासिरदा में ड्यूटी देने के लिए कहा है।
हालांकि उक्त निर्णय से नासिरदा क्षेत्र के ग्रामीणों को स्वास्थ्य परामर्श की सुविधा मिलेगी। लेकिन इस तरह की व्यवस्था की बजाय चिकित्सा विभाग को नासिरदा जैसे बड़े कस्बे के लिए स्थाई डॉक्टर की नियुक्ति करनी चाहिए, ताकि क्षेत्र के ग्रामीणों को स्वास्थ्य सुविधा का लाभ मिल सके औऱ देवली चिकित्सालय की व्यवस्था भी प्रभावित न हो। उल्लेखनीय है कि पिछले काफी दिनों से नासिरदा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर एक भी डॉक्टर नहीं है। गत दिनों टोंक मुख्यालय पर आयोजित हुई प्रभारी।मंत्री की बैठक में भी नासिरदा में डॉक्टर नहीं होने का मुद्दा उठाया गया था।



