बीसलपुर बांध में होगी बड़ी आवक
Deoli News 20 जुलाई (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) समीप के केकड़ी क्षेत्र इलाके में डाई नदी का उफान दूसरे दिन रविवार को भी जारी रहा। पिछले दो दिनों से लगातार ओवरफ्लो हो रहे लसाड़िया बांध के कारण डाई नदी खतरे के निशान से ऊपर बह रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि 50 सालों में उन्होंने डाई नदी को इतने विकराल रूप में पहली बार देखा है। इस उफान के चलते जयपुर-भीलवाड़ा राजमार्ग और केकड़ी-टोडारायसिंह मार्ग पूरी तरह से बंद हो गए हैं, जिससे यातायात बाधित हो गया है।
जयपुर-भीलवाड़ा राजमार्ग पर धुंवालिया के पास रपट पर करीब तीन फीट पानी बह रहा है। जिससे सड़क मार्ग अवरुद्ध है। सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लगी हुई है और किसी भी अप्रिय घटना से बचने के लिए पुलिस जवान तैनात किए गए हैं।
वहीं केकड़ी-टोडारायसिंह मार्ग पर स्थिति और भी गंभीर हो गई है। देवलिया के निकट पुलिया पर पहली बार इतना पानी आया, जिसके तेज वेग से पुलिया पूरी तरह से टूट गई है। पुलिया ध्वस्त होने के कारण यह मार्ग भी पूरी तरह से बंद हो गया है और एहतियात के तौर पर यहां भी पुलिस बल तैनात है। जेसीबी मशीनों की मदद से बबूल और मिट्टी डालकर शनिवार को ही इस रास्ते को बंद कर दिया गया था।
लसाड़िया बांध का ओवरफ्लो बना वजह
डाई नदी में यह बंपर आवक लसाड़िया बांध के पूरी तरह भर जाने के कारण हो रही है। बांध के ओवरफ्लो होने के बाद पानी सीधे डाई नदी में प्रवाहित हो रहा है, जिससे नदी के जलस्तर में अप्रत्याशित वृद्धि हुई है।
डाई नदी के दोनों ओर के गांवों में भी आवागमन दूसरे दिन भी पूरी तरह से ठप है, जिससे स्थानीय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वर्तमान में लसाड़िया बांध का पानी डाई नदी के माध्यम से बीसलपुर बांध की ओर जा रहा है।


