Deoli News 26 अक्टूबर (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) हर वर्ष की तरह इस साल भी दीपावली के बाद अन्नकूट महोत्सव संपन्न होते ही स्थानीय सब्जी मंडी की रंगत बदल गई है।
सर्दी के मौसम की शुरुआत के साथ ही अब मंडियों में मौसमी हरी सब्जियों की भरमार हो गई है, जिससे ग्राहकों के लिए सब्जियों के विकल्प बढ़ गए हैं।
सर्दी की दस्तक के साथ ही सब्जी मंडी में पालक, हरे प्याज, फूल गोभी, पत्ता गोभी, मैथी, मोगरी, फली, मूली, हल्दी, आंवला, टमाटर, खीरा समेत कई ताजी सब्जियां भारी मात्रा में बिकने के लिए आ गई हैं। इन दिनों मंडी में हरी सब्जियों की भरपूर आवक देखी जा सकती है। व्यापारियों का कहना है कि गर्मी के मौसम की सब्जियों के मुकाबले अब लोगों को सर्दियों की ताजी हरी सब्जियां बनाने के कई विकल्प मिल रहे हैं।
प्रतिदिन आ रही कई तरह की यह ताजी और रंगीन सब्जियां लोगों के घरों की रसोई में अपनी मुख्य जगह बना रही हैं।


