पीड़िता की मां समेत लोगों ने ज्ञापन सौंपा
Deoli News 8 नवंबर (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) दूनी क्षेत्र स्थित निजी हॉस्टल में एक नाबालिग लड़की के साथ हुए दुष्कर्म मामले में पीड़िता की माँ ने शनिवार सुबह उपखंड अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर त्वरित न्याय और दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की मांग की है।

ज्ञापन में पीड़िता की मां ने बताया कि उनकी 10 वर्षीय नाबालिग पुत्री के साथ बीते वर्ष एक निजी हॉस्टल संचालक ने दुष्कर्म किया। इसे लेकर होटल संचालक सहित चार व्यक्तियों के विरुद्ध दूनी थाने में दुष्कर्म का मामला दर्ज किया गया। उन्होंने बताया कि आरोपियों के प्रभावशाली होने के कारण उन्हें भय है कि वे साक्ष्य और गवाहों को प्रभावित करने का प्रयास कर सकते हैं। उन्होंने उपखंड अधिकारी से मामले की सुनवाई त्वरित न्यायालय में कराने, आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार कर कठोरतम दंड दिलाने, पीड़िता की सुरक्षा सुनिश्चित करने और परिवार को सरकारी सहायता, मनोवैज्ञानिक परामर्श एवं मुआवजा दिलाने की मांग की है।

नाबालिग को सहायता दिलाने की मांग को लेकर राहुल बलसोरा, महादेव मीणा, सुरेश मीणा, सीआर रामसिंह मीणा समेत लोग मौजूद थे। जिन्होंने पीड़िता के लिए न्याय की मांग की।


