Jahazpur News 10 फरवरी (मोहम्मद आज़ाद नेब) पीएम श्री महाराणा राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में बालिकाओं के सशक्तिकरण को लेकर मेंटर-मेंटी गतिविधि के अंतर्गत एक जागरूकता कार्यक्रम हुआ।

कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं को उनके कानूनी अधिकारों, सुरक्षा एवं आत्मनिर्भरता के प्रति सजग बनाना रहा। कार्यक्रम में बतौर कानूनी सलाहकार अधिवक्ता सुशीला जैन ने बालिकाओं को उनके कानूनी हितों, सुरक्षा से जुड़े कानूनों तथा आपात स्थिति में उपलब्ध कानूनी सहायता की जानकारी दी। उन्होंने छात्राओं से डर के बजाय जागरूकता और आत्मविश्वास के साथ जीवन जीने का आह्वान किया। भारत विकास परिषद की अध्यक्ष श्वेता अग्रवाल एवं सदस्य दीपिका सुवालका ने बालिका सशक्तिकरण, आत्मरक्षा के उपायों और महिलाओं को अपनी सुरक्षा स्वयं सुनिश्चित करने के तरीकों पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम प्रभारी सुमन सोनी ने कहा कि आज की छात्राएं देश का भविष्य हैं और उन्हें अपने अधिकारों के प्रति सजग रहकर आत्मसम्मान के साथ जीवन जीना चाहिए।


