Deoli News 13 फरवरी (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) शहर की तेजाजी कॉलोनी में आयोजित अर्धनारीश्वर शिव परिवार प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव के छठे दिन कथा वाचिका पूजा बैरागी ने भगवान के अर्धनारीश्वर स्वरूप की महिमा का वर्णन किया।


उन्होंने बताया कि इस स्वरूप की पूजा से महिलाओं का सौभाग्य अखंड रहता है और शिवपुराण का अल्प श्रवण भी मन के विकारों को दूर कर जीवन में शांति और सकारात्मक ऊर्जा का संचार करता है। कथा के दौरान दिव्य झांकी के दर्शन किए और पूरा पंडाल ‘हर-हर महादेव’ के जयकारों से गूँज उठा। आयोजन के दौरान महिलाओं ने आयोजक पायल बाई किन्नर का माला पहनाकर और दुपट्टा ओढ़ाकर भव्य स्वागत किया। कथा के समापन पर पायल बाई और सोनम बाई किन्नर ने व्यास पीठ की आरती की व प्रसादी वितरित की।
महोत्सव को लेकर बढ़ते उत्साह के बीच पायल बाई ने बताया कि शनिवार रात्रि को विशाल भजन संध्या आयोजित की जाएगी, जिसमें भजन गायक प्रेमशंकर जाट अपनी प्रस्तुतियों से भक्तिरस की गंगा बहाएंगे।


