“सीसीटीवी में कैद बदमाश”
Deoli News 23 मार्च (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) शहर के जयपुर रोड जांगिड़ समाज के छात्रावास के पास श्री रामविहार कॉलोनी में रविवार रात अज्ञात चोरों ने एक मकान को निशाना बनाते हुए घर के पीछे का ताला तोड़कर मोटरसाइकिल चोरी कर ले गए।
वारदात को लेकर पीड़ित रामप्रसाद मीणा ने थाने में रिपोर्ट दी है। इन्द्रपुरा कॉलोनी मूल निवासी और वर्तमान में जांगिड़ छात्रावास के पास रह रहे पीड़ित रामप्रसाद मीणा पुत्र सूरजमल मीणा ने बताया कि 22 मार्च रात करीब 11 बजे परिवार खाना खाकर सो गए थे। रात करीब एक से 2 बजे के बीच 4 जने बेख़ौफ़ दीवार फांदकर घर में घुसे और पीछे के गेट का ताला तोड़कर मोटरसाइकिल चोरी कर ले गए। यह पूरी वारदात वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है। पीड़ित ने अंदेशा जताया है कि मोटरसाइकिल के अलावा घर से अन्य सामान भी चोरी हुआ है।
रिपोर्ट में बताया कि इस कॉलोनी में पूर्व में भी ऐसी घटनाएं हो चुकी हैं और रात 7 बजे के बाद अज्ञात लोग यहां शराब पीकर उत्पात मचाते हैं। पीड़ित ने पुलिस से मामला दर्ज कर कार्रवाई करने और चोरी गया सामान बरामद करने की मांग की है।


