शिक्षक संघ ने मुख्यमंत्री के नाम जिला कलक्टर को सौंपा 11 सूत्री मांग पत्र
Deoli News 12 मई (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) राजस्थान प्राथमिक एवं माध्यमिक शिक्षक संघ की टोंक इकाई द्वारा शिक्षकों की समस्याओं के निराकरण को लेकर सोमवार को प्रदेश के मुख्यमंत्री के नाम जिला कलक्टर को एक ज्ञापन सौंपा गया है।
संगठन के प्रदेश वरिष्ठ उपाध्यक्ष प्रमोद स्वर्णकार ने बताया कि शिक्षक संघ की मुख्य मांग ग्रीष्मकालीन अवकाश में की गई कटौती के आदेश को तत्काल प्रभाव से वापस लेने की है। संघ ने मांग की है कि गत वर्षों में क्रमोन्नत हुए विद्यालयों में व्याख्याता एवं वरिष्ठ अध्यापकों के पद स्वीकृत कर उन्हें वर्तमान काउंसलिंग प्रक्रिया में शामिल किया जाए। विद्यालयों में विभिन्न सरकारी ग्रांट्स हर वर्ष जुलाई माह में समय पर जारी करने और आरजीएचएस योजना को पूर्व की भांति सुचारू रखने पर भी जोर दिया गया है। ज्ञापन में उपार्जित अवकाश का नकद भुगतान जारी रखने और तृतीय श्रेणी शिक्षकों के स्थानांतरण जल्द खोलने की मांग प्रमुखता से उठाई गई है।
संगठन ने पिछले 6 वर्षों से लंबित तृतीय श्रेणी शिक्षकों की नियमित डीपीसी करने तथा प्रोबेशन पूरा कर चुके शारीरिक शिक्षकों के स्थायीकरण की प्रक्रिया शीघ्र पूर्ण करने का आग्रह किया है। इसके अलावा शिक्षकों पर बढ़ते गैर-शैक्षणिक कार्यों के बोझ को कम करने, राजकीय विद्यालयों में छात्र संख्या के आधार पर भौतिक संसाधनों व कक्षाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने और तृतीय श्रेणी शिक्षकों की वेतन विसंगतियों को दूर करने समेत मांगों को भी इस 11 सूत्री मांग पत्र में शामिल किया गया है।




