Deoli News 13 मई (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) देवली क्षेत्र के पनवाड़ में पिछले दिनों एक शादी समारोह के दौरान सो रहे युवक के साथ मारपीट और जानलेवा हमले का मामला सामने आया है। जिसकी रिपोर्ट मंगलवार को स्थानीय थाने में दर्ज हुई।
घटना के संबंध में पीड़ित दिनेश बैरवा पुत्र सुखपाल निवासी चांदसिंहपुरा ने देवली थाना पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई है। पीड़ित ने बताया कि वह गत 19 अप्रैल को अपने रिश्तेदारों की शादी में शामिल होने पनवाड़ गया था। रात का खाना खाने के बाद वह छत पर अपने साथियों हेमन्त, पंकज और राजेश के साथ सो रहा था। अगली सुबह करीब 3 बजे तीन अज्ञात व्यक्ति वहां पहुंचे और सोते हुए दिनेश के साथ लात-घूसों से मारपीट शुरू कर दी। हमले के दौरान एक आरोपी ने युवक के कान पर जोर से घूंसा मारा जिससे उसका कान सुन्न हो गया।
युवक के चिल्लाने पर पास सो रहे उसके साथियों और अन्य लोगों ने बीच-बचाव किया। हमलावर भागते समय युवक को जान से मारने की धमकी देकर गए। वे तीनों हमलावर एक कार में सवार होकर आए थे। रिपोर्ट में बताया कि चोट लगने के कारण युवक अपने इलाज में व्यस्त था, जिसके चलते वह उस समय रिपोर्ट दर्ज नहीं करा सका।
पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की जांच सहायक उप-निरीक्षक सीताराम को सौंपी गई है।


