Deoli News 13 मई (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) देवली पंचायत समिति की ग्राम पंचायत नयागांव में ग्राम रथ अभियान के तहत जिला कलक्टर टीना डाबी की अध्यक्षता में संध्या चौपाल का आयोजन किया गया। इस दौरान चित्तौड़गढ़ सांसद सीपी जोशी एवं स्थानीय विधायक राजेन्द्र गुर्जर भी मौजूद रहे।
चौपाल में 86 परिवाद प्राप्त हुए। सांसद जोशी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश 2047 के विकसित भारत की दिशा में निरन्तर आगे बढ़ रहा है। केन्द्र व राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं से किसान, महिला, युवा एवं वंचित वर्ग को लाभांवित कर समाज की मुख्यधारा से जोड़ा जा रहा हैं। गत 12 सालों में ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्र के बुनयादी ढांचे में बड़ा परिवर्तन आया है। योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता और जनसहभागिता दोनों को बढ़ावा मिल रहा है।
स्थानीय विधायक राजेन्द्र गुर्जर ने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के निर्देशों के तहत सरकार स्वयं जनता के द्वार पहुंची है। ग्राम रथ अभियान के माध्यम से जनसमस्याओं का समाधान करने का प्रयास किया जा रहा है। चौपाल के दौरान आए परिवादियों की समस्याओं को सुनकर जिला कलक्टर टीना डाबी ने संबंधित विभाग के अधिकारियों से कहा कि आमजन की समस्याओं को जल्द हल करें। संध्या चौपाल में आए प्रकरणों पर अधिकारियों द्वारा गंभीरता पूर्वक कार्य करते हुए संबंधित पीड़ित को राहत दिलवाना सुनिश्चित किया जाए। जिला कलक्टर ने एक-एक परिवादी की समस्याओं को सुना और उसे समाधान का आश्वासन दिया।
संध्या चौपाल में ग्रामीणों ने सामुदायिक भवन निर्माण करने, विद्यालय की भूमि से अतिक्रमण हटाने के प्रार्थना पत्र दिए। ग्रामीण दशरथ गुर्जर ने हेण्डपंप लगाने, महावीर प्रसाद ने ट्यूबवेल लगवाने, फोरुलाल ने स्कूटी योजना का लाभ दिलाने, किशनलाल एवं मुकेश ने पेयजल समस्या का समाधान करने, बाबूलाल ने मृतक पत्नी का मुआवजा दिलवाने, रामकिशोर ने अतिक्रमण हटाने, भंवर लाल गुर्जर द्वारा वन विभाग द्वारा परेशान करने संबंधी परिवाद दिए।
इस दौरान संध्या चौपाल में जिलाध्यक्ष चन्द्रवीर सिंह चौहान, एडीएम रामरतन सौकरिया, सीइओ परशुराम धानका, एसडीओ रुबी अंसार, विकास, प्रभु बाडोलिया, शैलेन्द्र चौधरी समेत सभी जिला एवं ब्लॉक स्तरीय अधिकारी मौजूद थे।


