Deoli News 17 जुलाई (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) पीएम श्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय देवली में शुक्रवार को स्कूल इनोवेशन काउंसिल एवं राष्ट्रीय आविष्कार अभियान के तहत पोस्टर, क्विज और प्रोजेक्ट प्रतियोगिता का आयोजन हुआ।
उद्देश्य विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच, नवाचार, रचनात्मकता तथा आधुनिक तकनीकों के प्रति जागरूकता विकसित करना था। पोस्टर प्रतियोगिता में राधिका हाड़ा ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस टूल्स का उपयोग विषय पर पोस्टर प्रस्तुत कर शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि और दैनिक जीवन में कृत्रिम बुद्धिमत्ता के उपयोग, लाभ एवं जिम्मेदार इस्तेमाल की जानकारी दी। जबकि प्रोजेक्ट प्रतियोगिता में निशा बैरवा ने प्लास्टिक प्रदूषण समस्या और समाधान विषय पर प्रोजेक्ट प्रस्तुत किया। इसमें प्लास्टिक प्रदूषण के दुष्प्रभावों के साथ सिंगल यूज प्लास्टिक पर रोक, पुनर्चक्रण, पुनः उपयोग तथा पर्यावरण अनुकूल विकल्प अपनाने पर जोर दिया गया।
इस दौरान एपीसी ताराचंद जैन ने विद्यालय में संचालित सभी कौशल गतिविधियों, संविधान कक्ष, सेल्फ डिफेंस, सूचना एवं संचार प्रौद्योगिकी लैब तथा स्मार्ट क्लासरूम का निरीक्षण किया। कार्यक्रम में प्रधानाचार्य वसुधा शर्मा, एसआईसी प्रभारी भागसिंह गुर्जर, राजेश मीणा, रिंकू पंचोली, अर्चना नागर, राजेश जैन, रेखा मीणा सहित स्टाफ मौजूद रहा।


