नीट-यूजी में सफलता, परिवार के छठे डॉक्टर बनने की ओर बढ़ाए कदम
Deoli News 17 जुलाई (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) शहर के सीआईएसएफ लिंक रोड निवासी चिकित्सक परिवार के होनहार बेटे प्रत्युष जैन ने नीट-यूजी 2026 परीक्षा में 720 में से 646 अंक प्राप्त कर 1731वीं अखिल भारतीय रैंक हासिल की है। इस उपलब्धि से परिवार में बेहद खुशी है।
दरअसल प्रत्युष, जयपुर में ईएनटी अस्पताल संचालित करने वाले डॉ. देशबंधु जैन एवं डॉ. स्वाति जैन के पुत्र हैं। जबकि देवली के वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. विमल कुमार जैन के पौत्र हैं। परिवार में चिकित्सा पेशे की परंपरा कई वर्षों से चली आ रही है। डॉ. विमल कुमार जैन के बाद उनके पुत्र डॉ. देशबंधु जैन ने चिकित्सा सेवा की इस विरासत को आगे बढ़ाया और अब प्रत्युष भी उसी राह पर चलते हुए परिवार की तीसरी पीढ़ी के डॉक्टर बनने जा रहे हैं। जबकि परिवार के अन्य सदस्य डॉ. शीलभद्र जैन नेफ्रोलॉजिस्ट (किडनी व गुर्दा रोग) विशेषज्ञ है, जो जयपुर सीके बिरला हॉस्पिटल में कार्यरत है। जबकि डॉ. स्वस्ति जैन एमबीबीएस की पढ़ाई कर रही हैं। प्रत्युष के चयन के बाद उक्त परिवार में चिकित्सकों की संख्या बढ़कर 6 होने जा रही है। लिहाजा दादा और पिता के बाद अब पुत्र भी डॉक्टर बनेगा।
प्रत्युष ने जयपुर में एलन कोचिंग संस्थान से तैयारी कर यह सफलता हासिल की। उनके पिता डॉ. देशबंधु जैन ने बताया कि प्रत्युष का लक्ष्य एमबीबीएस करने के बाद डर्मेटोलॉजी (त्वचा रोग विशेषज्ञ) के क्षेत्र में विशेषज्ञ चिकित्सक बनना है। इसे लेकर माता डॉ. स्वाति जैन एवं पिता डॉ. देशबंधु जैन ने प्रत्युष को मिठाई खिलाकर और माल्यार्पण कर स्वागत किया।


