बाइक राइडिंग रील्स से लेकर गिरफ्तारी तक… “देवली चोरी केस की इनसाइड स्टोरी”
@आशीष बागड़ी
Deoli News 19 अक्टूबर (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) सोशल मीडिया पर रील्स बनाकर लोकप्रिय होने का शौक एक महिला को पुलिस की जांच के घेरे तक ले आया। देवली शहर में गत 16 अक्टूबर को रोडवेज बस स्टैंड के पास टेंट हाउस की दुकान और पटवा बाजार स्थित मनिहारी की दुकान के गल्लों से नकदी चोरी होने के मामले में पुलिस ने बूंदी निवासी काजल पत्नी सुरेंद्र सिंह को गिरफ्तार किया है।
मामले की जांच के दौरान सोशल मीडिया पर सामने आए कुछ वीडियो और एक टिप्पणी को अहम सुराग माना गया।
वीडियो हटाने की टिप्पणी से शुरू हुई पड़ताल
जानकारी के अनुसार वारदात के बाद सोशल मीडिया पर एक वीडियो को लेकर टिप्पणी किए जाने और उसे हटाने की बात सामने आई। इसके बाद मामले में सहयोग कर रहे कुछ जागरूक युवाओं का ध्यान संबंधित अकाउंट की ओर गया। युवाओं ने सोशल मीडिया पर उपलब्ध तस्वीरों और वीडियो का मिलान वारदात के दौरान सामने आए महिला के चेहरे से किया। बताया गया कि दोनों के चेहरे में काफी समानता नजर आने के बाद संदेह गहराया।
बाइक राइडिंग वाली रील्स भी आईं चर्चा में
जांच के दौरान महिला के इंस्टाग्राम अकाउंट पर बाइक पर घूमते हुए बनाए गए कई वीडियो सामने आने की बात कही गई। यह महिला जहां पर भी जाती वीडियो रील्स बनाती। युवाओं के अनुसार, महिला के पति के साथ आने-जाने और बाइक राइडिंग से जुड़े वीडियो भी उपलब्ध थे। वीडियो हटाने के लिए एक व्यक्ति को फोन किए जाने की जानकारी भी सामने आई। इन घटनाक्रमों ने संदेह को और बढ़ाया, जिसके बाद संबंधित जानकारी पुलिस तक पहुंचाई गई। महिला दबंगई वाले वीडियो बनाने की शौकीन है।
युवाओं से मिले इनपुट के बाद पुलिस की कार्रवाई
बताया गया कि स्थानीय युवाओं से मिले इनपुट के आधार पर पुलिस ने महिला की पहचान और उसके संभावित ठिकाने के संबंध में पड़ताल की। इसके बाद पुलिस टीम ने बूंदी पहुंचकर काजल को गिरफ्तार किया। मामले में पुलिस की जांच जारी है। चोरी की वारदात में उसकी कथित भूमिका और अन्य तथ्यों की पुष्टि जांच एवं उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर की जानी है। सोशल मीडिया पर मौजूद वीडियो और टिप्पणियां इस मामले में जांच की दिशा तय करने वाले संभावित सुराग बने। मामले में अंतिम निष्कर्ष पुलिस जांच और न्यायिक प्रक्रिया के आधार पर ही तय होगा।



