-
… ऐनवक्त पर बदला रूट
-
देवली में प्रशासन की घंटों की मशक्कत बेअसर
-
धरी रह गई तैयारियां
Deoli News 9 जुलाई (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) देवली में बुधवार रात उस समय अनोखी स्थिति पैदा हो गई जब मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के प्रस्तावित दौरे के मद्देनजर प्रशासन द्वारा की गई चाक-चौबंद तैयारियां धरी की धरी रह गईं। दरअसल मुख्यमंत्री को भीलवाड़ा जिले के गोपालपुरा, मंडाना (लाडपुरा) होते हुए सड़क मार्ग से जयपुर जाना था।
इस बीच उनका टोंक जिले के देवली, टोंक और निवाई में ठहराव प्रस्तावित था। इसे लेकर टोंक जिला कलक्टर ने प्रस्तावित रूट का आदेश भी जारी किया था। मुख्यमंत्री के आने की सूचना मिलते ही पूरा देवली व जिला प्रशासन अलर्ट मोड पर आ गया था। सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर देवली डीएसपी कार्यालय परिसर में विशेष शेफ़ हाउस का निर्माण किया गया और उनके अल्पाहार व चाय-पानी की पुख्ता व्यवस्था की गई। प्रकाश के लिए लाइटों की व्यवस्था की गई। खाद्य सुरक्षा टीम ने सुरक्षा के लिहाज से सामग्री की जांच करते हुए सैंपल भी लिए। देवली पुलिस उपाधीक्षक हेमराज मुंड के नेतृत्व में पुलिस की टीम ने देवली से लेकर भरणी कट तक यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने के लिए सड़क किनारे खड़े ठेलों को हटवाया और सड़क पर आवारा पशुओं की मौजूदगी को देखते हुए गायों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। इस दौरान देवली एसडीओ, तहसीलदार, टोंक व मालपुरा के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, नगर पालिका के अधिकारी और विद्युत निगम के अभियंता सहित विभिन्न विभागों के कर्मचारी मौजूद थे।
सुरक्षा के लिए अतिरिक्त पुलिस जाप्ता भी तैनात किया गया था। स्थानीय भाजपा कार्यकर्ता भी मुख्यमंत्री के स्वागत और उनसे मुलाकात की उम्मीद में बैठे थे। हालांकि रात करीब 9:30 बजे जैसे ही यह सूचना मिली कि मुख्यमंत्री कोटा-लालसोट हाईवे के जरिए एक्सप्रेसवे से सीधे जयपुर के लिए रवाना हो गए हैं, तब प्रशासन ने राहत ली। इधर गुरुवार सुबह तक व्यवस्था सिमटती हुई नजर आई। मुख्यमंत्री का प्रस्तावित रूट निरस्त होने के बाद जहां प्रशासनिक अमला तैयारियों को समेत ने में जुट गया, वहीं स्वागत की तैयारी में खड़े भाजपा कार्यकर्ताओं को भी मायूसी हाथ लगी।



