Deoli News 14 अगस्त (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) क्षेत्र के बीसलपुर बांध में पानी की आवक लगातार बनी हुई है। शुक्रवार रात 8 बजे तक बांध का जलस्तर 313.98 मीटर पहुंच गया। बांध में कुल 28.150 टीएमसी पानी का भराव दर्ज किया गया है।
यानी बांध का जलस्तर अब 314 मीटर के आंकड़े से महज 0.02 मीटर यानी दो सेंटीमीटर दूर है। बीसलपुर बांध की पूर्ण भराव क्षमता 315.50 मीटर है। बीसलपुर परियोजना के सहायक अभियंता दिनेश बैरवा के अनुसार त्रिवेणी का जलस्तर 3 मीटर रहा। शुक्रवार को क्षेत्र में बारिश नहीं हुई, जबकि मानसून सीजन में अब तक कुल 501 मिलीमीटर बारिश दर्ज की जा चुकी है। लगातार बढ़ते जलस्तर के चलते बांध में पानी की स्थिति पर लोगों की नजर बनी हुई है। इधर, स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर बीसलपुर बांध के सभी गेटों को तिरंगा रोशनी से सजाया गया। रात में बांध के गेट केसरिया, सफेद और हरे रंग की रोशनी में नहाए नजर आए।
राष्ट्रीय ध्वज तिरंगे के रंगों से जगमगाते बांध के गेट आकर्षण का केंद्र बने रहे और देशभक्ति का माहौल नजर आया। बीसलपुर बांध राजस्थान के प्रमुख जलस्रोतों में शामिल है और जयपुर सहित कई क्षेत्रों की पेयजल जरूरतों के लिए महत्वपूर्ण है। गत दिनों में त्रिवेणी नदी में पानी की आवक शुरू होने से बांध में जलस्तर बढ़ने की उम्मीद भी बनी हुई है।



