Deoli News 24 अगस्त (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) ग्राम चांदली के ग्रामीणों ने चरागाह व शिवायक भूमि से अतिक्रमण हटाने की मांग को लेकर उपखंड अधिकारी कार्यालय प्रशासन को ज्ञापन सौंपा है।
ग्रामीणों का आरोप है कि कुछ लोगों द्वारा चरागाह भूमि पर अतिक्रमण कर निर्माण कार्य किया जा रहा है। ज्ञापन में कहा गया कि अतिक्रमण के कारण आमजन को परेशानी हो रही है और पशुओं के लिए चरागाह भूमि भी प्रभावित हो रही है। ग्रामीणों ने बताया कि इस संबंध में पूर्व में भी ज्ञापन दिया गया था, लेकिन अब तक प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने प्रशासन से शीघ्र अतिक्रमण हटाकर संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। ज्ञापन में रमेश धाकड़, भेरूलाल, सोजी मीणा, सुखलाल धाकड़, पंकज धाकड़, नजीर मोहम्मद, शहाबुद्दीन समेत के नाम शामिल है। वहीं ग्रामीणों ने गांव में कार्यरत वर्तमान फॉरेस्टर (वनपाल) को हटाकर नया वनपाल नियुक्त करने की भी मांग उठाई है।
ग्रामीणों का आरोप है कि फॉरेस्टर द्वारा पद का दुरुपयोग किया जा रहा है तथा गांव के लोगों को परेशान किया जाता है। ज्ञापन में वन समिति के सदस्यों में बदलाव कर नई समिति गठित करने की मांग भी की गई है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि वर्षों से एक ही सदस्य समिति में बने हुए हैं और स्थानीय हित प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने गांव के ही व्यक्तियों को समिति में नियुक्त करने की मांग प्रशासन के समक्ष रखी है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि उक्त फॉरेस्टर अपने पद का दुरुपयोग कर नाके पर एक प्राइवेट व्यक्ति को बिठाता हैं।



