Deoli News 29 अगस्त (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) शहर के गणेश रोड स्थित इलेक्ट्रॉनिक एवं होम अप्लायंस की दुकान अग्रवाल एजेंसी से शनिवार दोपहर दो युवक सेल्समैन को चकमा देकर एक एंड्रॉयड मोबाइल लेकर चले गए। वारदात का पता बाद में मोबाइल का बॉक्स खाली दिखाई देने पर लगा।
शोरूम संचालक सतीश अग्रवाल ने बताया कि दोपहर करीब 12:45 बजे दो युवक बिना नंबर की मोटरसाइकिल पर दुकान पर आए। बाइक के आगे और पीछे दोनों ओर नंबर प्लेट नहीं थी। इनमें से एक युवक दुकान के अंदर आया और मोबाइल दिखाने की बात करने लगा। इस दौरान उसने कई मोबाइल देखे तथा पुराने मोबाइल खरीदने की बात कहकर सेल्समैन का ध्यान भी दूसरी ओर लगाया। बताया गया कि इसी दौरान युवक भीड़ का फायदा उठाकर लावा कंपनी का करीब 14 हजार रुपए कीमत का मोबाइल लेकर बाहर निकल गया। कुछ ही मिनट में वह बाहर खड़े अपने साथी, जो चेक शर्ट पहने हुए था, उसके साथ बाइक पर बैठकर गणेश रोड की ओर चला गया। इस बीच बाहर खड़ा युवक भी कुछ मिनट के लिए शोरूम में आया था।

संचालक अग्रवाल के अनुसार दोनों संदिग्ध युवक दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हुए हैं। फिलहाल इस संबंध में पुलिस में रिपोर्ट दर्ज नहीं दी गई है।


