Deoli News 1 सितंबर (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) नगर निकाय चुनाव को लेकर मंगलवार को रिटर्निंग अधिकारी कार्यालय देवली में प्रत्याशियों के नामांकनों की जांच की गई।
कार्यालय की जानकारी के अनुसार कुल 361 नामांकन प्राप्त हुए थे, जिनमें से 137 नामांकन अस्वीकार किए गए, जबकि 224 नामांकन स्वीकार किए गए। निरस्त नामांकनों में वार्ड नंबर 4 से कांग्रेस प्रत्याशी कैलाश वर्मा का नामांकन भी शामिल है। उनका नामांकन किसी विधिक कारण के चलते निरस्त होने की जानकारी सामने आई है। लिहाजा इस सीट से कांग्रेस चुनाव नहीं लड़ सकेंगी। इसके अलावा 100 से अधिक नामांकन सिंबल नहीं मिलने के कारण निरस्त किए गए। जबकि अन्य नामांकन प्रस्तावक के डबल होने व अन्य वजह से भी निरस्त हुए हैं। नगर कांग्रेस अध्यक्ष सौरभ जिंदल ने भी वार्ड नंबर 4 से कांग्रेस प्रत्याशी कैलाश वर्मा का नामांकन निरस्त होने की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि पार्टी इस संबंध में विचार कर रही है। इसके अलावा राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी ने अपने एक प्रत्याशी शाहरुख अली को दो वार्डो से टिकट जारी किया है। रिटर्निंग अधिकारी कार्यालय की सूचना के अनुसार ऐसी स्थिति में उक्त प्रत्याशी को एक वार्ड से नामांकन वापस लेना होगा।




