भाजपा-कांग्रेस के साथ तीसरे मोर्चे की चुनौती
Deoli News 2 सितंबर (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) देवली नगर पालिका चुनाव में बीजेपी, कांग्रेस के अलावा राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (आरएलपी) ने पांच वार्डों से अपने प्रत्याशियों को चुनाव मैदान में उतारा है।

इनमें पार्टी की ओर से वार्ड नं 1 और 2 से एक ही प्रत्याशी को टिकट दिया गया है, जबकि वार्ड नंबर 4, 31 और 32 से भी आरएलपी ने अपने प्रत्याशी घोषित किए हैं। यह प्रत्याशी भी चुनाव जीतने के लिए दम लगा रहे हैं। भाजपा और कांग्रेस के अलावा इस बार चुनाव मैदान में निर्दलीय प्रत्याशियों की संख्या भी अधिक है। हालांकि निर्दलीयों की स्थिति नामांकन वापस लिए जाने के बाद ही सही स्पष्ट होगी। वहीं तीसरी पार्टी के रूप में राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी के प्रत्याशी भी चुनावी मुकाबले में नजर आएंगे। इस तरह भाजपा कांग्रेस और आरएलपी के प्रत्याशी पार्टी के अधिकृत चुनाव चिह्न पर चुनाव लड़ेंगे।
जबकि अन्य दावेदार निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में मैदान में होंगे। निर्दलीय प्रत्याशियों को चुनाव चिह्न रिटर्निंग अधिकारी कार्यालय की ओर से निर्धारित प्रक्रिया के तहत आवंटित किए जाएंगे। ऐसे में विभिन्न वार्डों में पार्टी प्रत्याशियों के साथ निर्दलीय उम्मीदवारों के बीच भी मुकाबला देखने को मिलेगा। बुधवार को शहर के सभी वार्डों में प्रत्याशियों के कार्यालयों के उद्घाटनों की धूम है।



