कांग्रेस-भाजपा के प्रत्याशी आमने-सामने
Deoli News 2 सितंबर (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) नगर पालिका चुनाव 2026 में नामांकन जांच के बाद वार्ड संख्या 26, 15 और 8 की तस्वीर भी फिलहाल साफ नजर आ रही है। इन तीन वार्डो समेत सभी वार्डों में प्रत्याशी घर-घर मनुहार में जुट गए हैं
इन तीनों वार्डों में केवल दो-दो प्रत्याशी ही विधि मान्य पाए गए हैं और दोनों ही राष्ट्रीय दलों से हैं। ऐसे में तीनों वार्डों में कांग्रेस और भाजपा के बीच सीधा आमने-सामने का मुकाबला लगभग तय माना जा रहा है। उल्लेखनीय है कि यही स्थिति वार्ड नंबर 21 भी थी। वार्ड संख्या 26 में कांग्रेस की ओर से कलावती जागिड़ और भाजपा की ओर से सुनीता मिश्रा प्रत्याशी हैं। कलावती जागिड़ अन्य पिछड़ा वर्ग तथा सुनीता मिश्रा सामान्य वर्ग से हैं। वहीं वार्ड संख्या 15 में कांग्रेस के गोपाल लाल टेलर और भाजपा के कुलदीप चौधरी मैदान में हैं। दोनों प्रत्याशी अन्य पिछड़ा वर्ग यानि ओबीसी से हैं। इसी तरह वार्ड संख्या 8 में कांग्रेस की माफरोज बानो और भाजपा की नीलू कुमारी जाट के बीच सीधा मुकाबला है। दोनों प्रत्याशी अन्य पिछड़ा वर्ग से हैं।

वार्ड 21 की तरह तीनों वार्डों में दो-दो प्रत्याशी होने और दोनों के राष्ट्रीय दलों से होने के कारण नामांकन वापस लिए जाने की संभावना फिलहाल कम नजर आ रही है। हालांकि नामांकन वापसी की अवधि पूरी होने के बाद ही अंतिम तस्वीर स्पष्ट होगी। इसके बाद ही यह पता चलेगा कि इन वार्डों समेत नगर पालिका के सभी 35 वार्डों में कितने प्रत्याशी अंतिम रूप से चुनाव मैदान में रहेंगे। नामांकन स्वीकार होने के साथ ही विभिन्न वार्डों में कार्यालयों के उद्घाटन की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है।



