Deoli News 5 सितंबर (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) देवली में नगर पालिका चुनाव की मतदान तिथि जैसे-जैसे नजदीक आ रही है, वैसे-वैसे शहर में चुनावी गतिविधियां भी तेज होती जा रही हैं। हालांकि शहर के सभी हिस्सों में चुनावी माहौल एक जैसा नजर नहीं आ रहा।


अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति के लिए आरक्षित वार्डों और इनसे जुड़े इलाकों में चुनावी प्रचार की रौनक अपेक्षाकृत अधिक दिखाई दे रही है, जबकि सामान्य वार्डों तथा कुछ अन्य शहरी क्षेत्रों में फिलहाल प्रचार का माहौल अपेक्षाकृत शांत नजर आ रहा है। इसकी वजह रिजर्व वार्डों के लोग चुनाव में रुचि भी रखते हैं। शहर के वाल्मीकि बस्ती, कीर मोहल्ला, देवली गांव, गणेश रोड, ममता सर्कल, अंबेडकर सर्कल और सब्जी मंडी क्षेत्र की ओर इन दिनों चुनावी गतिविधियां अधिक दिखाई दे रही हैं। इन इलाकों में विभिन्न प्रत्याशियों के समर्थन में लगाए गए झंडे, बैनर, पोस्टर और प्रचार वाहनों के चलते गलियों और मुख्य मार्गों पर चुनावी रंग नजर आने लगा है। प्रत्याशियों के कार्यालयों पर भी समर्थकों की आवाजाही और चुनावी चर्चा का दौर दिखाई दे रहा है। शनिवार को विधायक राजेंद्र गुर्जर भी वार्डों में जाकर भाजपा के पक्ष में प्रचार कर रहे हैं।

इस बार नगर पालिका अध्यक्ष पद अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित होने के कारण आरक्षित वार्डों के चुनाव को लेकर प्रत्याशियों और उनके समर्थकों में विशेष उत्साह देखने को मिल रहा है। ऐसे वार्डों में चुनाव लड़ रहे प्रत्याशी अपने-अपने स्तर पर मतदाताओं तक पहुंच बनाने में जुटे हैं। हालांकि चुनाव का अंतिम परिणाम मतदाताओं के निर्णय पर निर्भर करेगा और अलग-अलग वार्डों में स्थानीय मुद्दे तथा प्रत्याशियों की व्यक्तिगत पकड़ भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।
मतदान नजदीक, घर-घर संपर्क पर जोर
मतदान की तारीख नजदीक आने के साथ ही अब प्रत्याशियों ने जनसंपर्क अभियान को और गति देना शुरू कर दिया है। प्रत्याशी अपने परिजनों, समर्थकों और कार्यकर्ताओं के साथ वार्ड की गलियों में पहुंचकर मतदाताओं से मुलाकात कर रहे हैं। कई स्थानों पर छोटी-छोटी टोली बनाकर घर-घर संपर्क किया जा रहा है और मतदाताओं से अपने पक्ष में मतदान की अपील की जा रही है। वहीं प्रत्याशियों के चुनाव कार्यालय भी धीरे-धीरे सक्रिय होते दिखाई दे रहे हैं। यहां दिनभर कार्यकर्ताओं और समर्थकों की आवाजाही के साथ चुनावी रणनीति, जनसंपर्क कार्यक्रम और वार्डवार संपर्क को लेकर चर्चाएं चल रही हैं।

सामान्य वार्डों में अभी अपेक्षाकृत शांति
शहर के सामान्य वार्डों में भी प्रत्याशी अपने स्तर पर मतदाताओं से संपर्क कर रहे हैं, लेकिन आरक्षित वार्डों की तुलना में फिलहाल वहां चुनावी प्रचार की दृश्यात्मक रौनक कम दिखाई दे रही है। कई सामान्य वार्डों में प्रत्याशियों के कार्यालयों पर सीमित संख्या में समर्थक नजर आ रहे हैं और प्रचार गतिविधियां अपेक्षाकृत कम दिखाई दे रही हैं। हालांकि चुनावी तस्वीर अभी पूरी तरह स्पष्ट नहीं हुई है। मतदान की तारीख नजदीक आने के साथ सामान्य वार्डों में भी प्रचार अभियान के जोर पकड़ने की संभावना है। आने वाले दिनों में जनसंपर्क, प्रत्याशियों की सक्रियता और मतदाताओं के बीच पहुंच के आधार पर शहर का चुनावी माहौल और अधिक गरमाने की उम्मीद है।

फिलहाल देवली के अलग-अलग हिस्सों में नजर आ रही चुनावी हलचल से इतना जरूर स्पष्ट है कि नगर पालिका चुनाव अब धीरे-धीरे निर्णायक दौर की ओर बढ़ रहा है और प्रत्याशी अंतिम चरण में मतदाताओं तक अपनी पहुंच मजबूत करने में पूरी ताकत लगा रहे हैं।


