Sunday, September 6, 2026
No menu items!
spot_imgspot_imgspot_imgspot_img
HomeDainik Bureau Deskप्रचार ने पकड़ा जोर, वीडियो शूटिंग से हाईटेक प्रचार और महिलाओं की...

प्रचार ने पकड़ा जोर, वीडियो शूटिंग से हाईटेक प्रचार और महिलाओं की बढ़ी सक्रियता


Deoli News 6 सितंबर (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) नगर पालिका चुनाव को लेकर देवली शहर में चुनावी प्रचार अब धीरे-धीरे चरम पर पहुंचने लगा है। प्रत्याशी और उनके समर्थक मतदाताओं तक अपनी पहुंच बनाने के लिए पूरी ताकत झोंक रहे हैं। प्रत्याशी स्वयं तो घर-घर दस्तक दे ही रहे हैं, साथ ही उनके परिजन और समर्थक भी अलग-अलग टोलियों में मतदाताओं से संपर्क कर अपने पक्ष में मतदान की अपील कर रहे हैं।

चुनाव की तारीख नजदीक आने के साथ ही शहर का चुनावी माहौल भी लगातार बदलता नजर आ रहा है। शुरुआती दिनों में जहां प्रचार अपेक्षाकृत शांत दिखाई दे रहा था, वहीं अब वार्डों में झंडे, बैनर, पोस्टर और फ्लेक्स नजर आने लगे हैं। प्रत्याशियों के प्रचार में वाहन भी लगातार वार्डों में घूम रहे हैं और मतदाताओं तक अपने संदेश पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। हालांकि मतदाताओं के बीच प्रत्याशियों को लेकर स्थिति अभी पूरी तरह स्पष्ट दिखाई नहीं दे रही है। मतदाता अपनी पसंद को लेकर चुप्पी साधे हुए हैं, जिसके चलते प्रत्याशियों को वास्तविक स्थिति का अंदाजा लगाना मुश्किल हो रहा है। घर-घर संपर्क के दौरान भी मतदाता प्रत्याशियों का स्वागत कर रहे हैं, लेकिन उनके मन में किसके पक्ष में मतदान का निर्णय है, इसका आकलन करना प्रत्याशियों के लिए आसान नहीं है।

इधर, मतदाताओं को अपने पक्ष में आकर्षित करने के लिए प्रत्याशियों और उनके समर्थकों की ओर से अलग-अलग तरह के प्रयास किए जा रहे हैं। शहर के एक वार्ड में वार्डवासियों के लिए निशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन भी किया गया। चुनावी माहौल में इस तरह के सामाजिक आयोजनों को भी मतदाताओं तक पहुंच बनाने और जनसंपर्क मजबूत करने के प्रयास के रूप में देखा जा रहा है। नगर पालिका के विभिन्न वार्डों में मुकाबले की तस्वीर भी अब धीरे-धीरे सामने आने लगी है। खासकर आमने-सामने के मुकाबले वाली करीब आधा दर्जन सीटों पर चुनावी संघर्ष अधिक रोचक बना हुआ है। इन वार्डों में प्रत्याशी अपनी पूरी ताकत के साथ प्रचार में जुटे हैं और मतदाताओं के बीच अपनी पकड़ मजबूत करने के लिए हरसंभव प्रयास कर रहे हैं। कई जगह प्रत्याशियों के बीच सीधा मुकाबला होने से चुनावी समीकरण भी लगातार बदलते नजर आ रहे हैं।

चुनावी प्रचार का तरीका भी इस बार पहले की अपेक्षा अलग नजर आ रहा है। प्रत्याशी और उनके समर्थक अब वीडियो शूट करवाकर भी अपने प्रचार को हाईटेक अंदाज में मतदाताओं तक पहुंचा रहे हैं। प्रचार के दौरान बनाए जा रहे वीडियो सोशल मीडिया के माध्यम से भी लोगों तक पहुंचाए जा रहे हैं। वहीं चुनाव प्रचार में महिलाओं की संख्या भी अधिक दिखाई दे रही है। प्रत्याशियों के साथ महिला समर्थक और परिजन भी घर-घर संपर्क कर प्रचार में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। वार्ड नंबर 23 में कांग्रेस प्रत्याशी भीमराज जैन के साथ प्रचार प्रसार में काफी महिलाएं दिखी। इसी तरह वार्ड नंबर 12 से कांग्रेस प्रत्याशी सौरभ जिंदल ने भी रविवार को रैली निकालकर प्रचार प्रसार किया। चुनाव प्रचार के बढ़ते जोर के साथ अब आने वाले दिनों में देवली के वार्डों में राजनीतिक गतिविधियां और तेज होने की संभावना है। प्रत्याशियों के लिए घर-घर संपर्क, व्यक्तिगत संबंध और स्थानीय मुद्दे महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। इसके अलावा चुनाव प्रचार हाईटेक तरीके से वीडियो बनाकर भी किया जा रहा है।

वहीं मतदाता फिलहाल खामोशी से सभी प्रत्याशियों के प्रचार और दावों को देख-समझ रहे हैं। ऐसे में अंतिम समय में किस प्रत्याशी के पक्ष में मतदाताओं का रुझान जाता है, यह चुनाव परिणाम आने के बाद ही स्पष्ट होगा। इसी तरह वार्ड नंबर 29 में भी मुकाबला रोचक है। यहां निर्दलीय प्रत्याशी मुकेश कुमार दोनों राष्ट्रीय पार्टी के नेताओं को चुनौती दे रहे हैं। लोगों की नज़रे मुकेश कुमार के इलेक्शन कैंपेन पर ज्यादा है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here