Monday, September 7, 2026
No menu items!
spot_imgspot_imgspot_imgspot_img
HomeDainik Bureau Deskचुनाव प्रचार में "हाईटेक तड़का", रील, वीडियो और AI पोस्ट के सहारे...

चुनाव प्रचार में “हाईटेक तड़का”, रील, वीडियो और AI पोस्ट के सहारे हुए प्रत्याशी

सोशल मीडिया बना चुनाव प्रचार का नया मैदान, रीलों से साध रहे मतदाता


Deoli News 7 सितंबर (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) नगर पालिका चुनाव देवली को लेकर अब प्रचार अभियान अंतिम दौर में पहुंच गया है। मतदान में महज कुछ घंटे शेष रहने के साथ ही प्रत्याशी और उनके समर्थक मतदाताओं तक अपनी पहुंच बनाने के लिए पूरी ताकत झोंक रहे हैं। इस बार चुनाव प्रचार में पारंपरिक तरीकों के साथ हाईटेक प्रचार का नया ट्रेंड भी तेजी से सामने आया है।

प्रत्याशी आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) और डिजिटल तकनीक की मदद से हर दिन नई पोस्ट, वीडियो और रील तैयार कर सोशल मीडिया के माध्यम से मतदाताओं तक अपनी बात पहुंचा रहे हैं। उल्लेखनीय है कि नगर पालिका चुनाव के तहत आगामी 9 सितंबर को शहर के 35 वार्डों में मतदान होगा। मतदान की तारीख नजदीक आने के साथ ही चुनावी गतिविधियां भी तेज हो गई हैं। करीब 15-20 साल पहले चुनाव प्रचार के लिए झंडे, बैनर, फर्रियां, माईक अनाउंसमेंट और पोस्टर जैसे परंपरागत साधनों का अधिक इस्तेमाल होता था, लेकिन अब चुनाव प्रचार का तरीका पूरी तरह बदलता नजर आ रहा है। मोबाइल और सोशल मीडिया के बढ़ते प्रभाव के चलते प्रत्याशियों ने डिजिटल माध्यम को प्रचार का प्रमुख जरिया बना लिया है। लेकिन इस हाईटेक प्रचार के बीच वार्ड 28 की कांग्रेस प्रत्याशी साक्षी सिंह नरुका घूंघट में प्रचार प्रसार कर रही है। कार्यालय उद्घाटन के दौरान भी उन्होंने माथे से घूंघट नहीं हटने दिया।

शहर के लगभग हर वार्ड में प्रत्याशी और उनके समर्थक वीडियो रील के जरिए फेसबुक, इंस्टाग्राम और व्हाट्सएप पर प्रचार करते नजर आ रहे हैं। प्रत्याशियों के कार्यालय उद्घाटन, जनसंपर्क, मतदाताओं से मुलाकात, स्वागत, माल्यार्पण और समर्थन से जुड़े कार्यक्रमों के वीडियो शूट किए जा रहे हैं। इसके बाद इन्हें आकर्षक तरीके से एडिट कर सोशल मीडिया पर पोस्ट किया जा रहा है। कई प्रत्याशी प्रतिदिन नई पोस्ट और नई रील तैयार करवाकर लगातार अपना प्रचार मतदाताओं तक पहुंचा रहे हैं। इस हाईटेक प्रचार में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और डिजिटल डिजाइनिंग का भी इस्तेमाल बढ़ा है। प्रत्याशियों की तस्वीरों और चुनावी संदेशों को नए-नए डिजाइन में तैयार कर सोशल मीडिया पर प्रसारित किया जा रहा है। वहीं, कई प्रत्याशियों और उनके समर्थकों ने व्हाट्सएप ग्रुप के माध्यम से भी मतदाताओं तक अपनी बात पहुंचाने का प्रयास तेज कर दिया है।

इसके जरिए चुनावी अपील, जनसंपर्क कार्यक्रम और प्रत्याशी से जुड़ी गतिविधियों की जानकारी लगातार साझा की जा रही है। खास बात यह है कि हाईटेक प्रचार का यह ट्रेंड केवल राष्ट्रीय या प्रमुख राजनीतिक दलों तक सीमित नहीं है, बल्कि निर्दलीय प्रत्याशी भी डिजिटल माध्यमों का जमकर इस्तेमाल कर रहे हैं। सोशल मीडिया पर अपनी मौजूदगी दर्ज कराने के साथ प्रत्याशी मतदाताओं के बीच अपनी पहचान और चुनावी संदेश को मजबूत करने में जुटे हैं। चुनाव प्रचार के अंतिम दौर में डिजिटल प्लेटफॉर्म के जरिए मतदाताओं तक अधिक से अधिक पहुंच बनाने की कोशिश तेज हो गई है। इधर, चुनाव में अब गिने-चुने घंटे शेष रहने के कारण प्रत्याशियों का डोर-टू-डोर जनसंपर्क, रैली और प्रचार अभियान भी चरम पर पहुंच रहा है। सोमवार को शहर के अलग-अलग क्षेत्रों में प्रत्याशियों की ओर से जनसंपर्क और रैलियों का आयोजन किया जाएगा।

वार्ड नंबर 20 में भाजपा प्रत्याशी सत्यनारायण तोषनीवाल की ओर से जागरूकता रैली भी निकाली जा रही है। इसके अलावा विभिन्न वार्डों में प्रत्याशी और उनके समर्थक घर-घर पहुंचकर मतदाताओं से संपर्क कर अपने पक्ष में मतदान की अपील कर रहे हैं। कई वार्डों में अब चुनावी रंगत भी पूरी तरह चढ़ने लगी है। रविवार को तेली मोहल्ले में करीब आधा दर्जन से अधिक बच्चे हाथों में झंडे लेकर एक पार्टी प्रत्याशी के समर्थन में नारेबाजी करते नजर आए। इससे शहर में चुनावी माहौल और अधिक गर्माता दिखाई दिया। परंपरागत प्रचार से लेकर रील, वीडियो, एआई आधारित पोस्ट और सोशल मीडिया कैंपेन तक पहुंचा चुनाव प्रचार इस बार देवली के नगर पालिका चुनाव में बदलते प्रचार ट्रेंड की तस्वीर पेश कर रहा है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here