Deoli News 7 सितंबर (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) नगर पालिका चुनाव सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए नगर पालिका क्षेत्र में 6 सेक्टर ऑफिसर नियुक्त किए गए हैं, जबकि 2 सेक्टर ऑफिसरों को रिजर्व रखा गया है।

सभी सेक्टर ऑफिसरों को रिटर्निंग अधिकारी कार्यालय में प्रशिक्षण दिया गया। सेक्टर ऑफिसरों को नगर पालिका क्षेत्र में आदर्श आचार संहिता की पालना सुनिश्चित कराने, मतदान केंद्रों की निगरानी रखने, केंद्रों पर आचार संहिता की पालना, मतदान व्यवस्था पर नजर रखने तथा मतदान प्रक्रिया को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने की जिम्मेदारी दी गई है। मतदान के बाद ईवीएम एवं चुनाव सामग्री को सुरक्षित रूप से निर्धारित स्थान तक पहुंचाने में भी उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी। सभी सेक्टर ऑफिसर सहायक रिटर्निंग अधिकारी विनोद चंद पहाड़िया के मार्गदर्शन में कार्य करेंगे। प्रशिक्षण के दौरान उन्हें चुनाव संबंधी दायित्वों और मतदान केंद्रों की व्यवस्थाओं को लेकर निर्देश दिए गए। इधर, मंगलवार से देवली के हायर सेकेंडरी स्कूल से ईवीएम मशीनों का वितरण किया जाएगा। वितरण के बाद सभी मशीनों को निर्धारित मतदान केंद्रों तक पहुंचाया जाएगा।

प्रशासन की योजना के अनुसार मंगलवार शाम तक सभी मतदान केंद्रों पर ईवीएम पहुंचाने के साथ मतदान संबंधी तैयारियां पूरी कर ली जाएंगी। रिटर्निंग अधिकारी कार्यालय की ओर से बताया गया कि नगर पालिका चुनाव को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं व्यवस्थित तरीके से कराने के लिए आवश्यक तैयारियां अंतिम चरण में हैं।



