पुलिस ने अग्निशमन यंत्र से बुझाई आग, प्राथमिक उपचार के बाद जयपुर रेफर
Deoli News 17 अक्टूबर (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) शहर के गुर्जर मोहल्ले में शुक्रवार रात करीब 9 बजे एक युवक ने खुद पर पेट्रोल डालकर आग लगा ली। घटना में युवक 50 प्रतिशत से अधिक झुलस गया। सूचना पर मौके पर पहुंची 112 पुलिस टीम ने अग्निशमन यंत्र की सहायता से आग बुझाई और युवक को तत्काल देवली उपजिला अस्पताल पहुंचाया।
प्राथमिक उपचार के बाद युवक को जयपुर रेफर कर दिया गया, जहां उसका उपचार जारी है। पुलिस की जानकारी के अनुसार, युवक की पहचान शिवराज नावरिया पुत्र रामसिंह नावरिया, निवासी सी-19, गणेश विहार, पतासा फैक्ट्री, गोनेर रोड, जयपुर के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलने पर 112 के कांस्टेबल दीपक कुमार और चालक कालूराम मौके पर पहुंचे तथा तत्परता दिखाते हुए आग बुझाकर युवक को अस्पताल पहुंचाया। घटना की जानकारी मिलने पर देवली डीएसपी मदन ढाका, थानाधिकारी प्रीति रत्नू, एएसआई राजेश कुमार, सत्यनारायण जाट, हेड कांस्टेबल राजाराम समेत पुलिसकर्मी अस्पताल पहुंचे और युवक से बातचीत कर मामले की जानकारी जुटाई। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए एमआईयू टीम को भी मौके पर बुलाया, जिसने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। वहीं लोगों की भीड़ भी अस्पताल में जमा हो गई।
फिलहाल पारिवारिक विवाद की बात आई सामने
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, युवक देवली में अपनी रिश्तेदारी में आया हुआ था और उसका ससुराल भीलवाड़ा जिले के जहाजपुर में है। युवक ने पुलिस को बताया कि देवली में उसके ससुराल पक्ष के लोगों ने उसके साथ मारपीट की थी, जिसके बाद उसने यह कदम उठाया। हालांकि, मारपीट के आरोपों की पुष्टि होना बाकी है। देवली थानाधिकारी प्रीति रत्नू ने बताया कि युवक के खुद पर पेट्रोल डालकर आग लगाने की सूचना पर पुलिस टीम उपजिला अस्पताल पहुंची और युवक से बातचीत कर घटना की जानकारी ली। फिलहाल इस संबंध में कोई रिपोर्ट नहीं दी गई है। रिपोर्ट के बाद पूरी बात का खुलासा होगा। पुलिस मामले की जांच कर रही है।



