गंभीर रूप से झुलसा युवक जयपुर अस्पताल में उपचाराधीन, पुलिस ने शुरू की जांच
Deoli News 18 अक्टूबर (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) देवली में एक युवक के साथ मारपीट, अपहरण और पेट्रोल डालकर आग लगाने के आरोप में पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना में गंभीर रूप से झुलसे शिवराज नावरिया को प्राथमिक उपचार के बाद जयपुर के सवाई मानसिंह अस्पताल रेफर किया गया, जहां उसका उपचार जारी है।
संबंधित न्यूज़ : देवली में युवक ने खुद पर पेट्रोल डालकर लगाई आग, 50 प्रतिशत से अधिक झुलसा
पुलिस के अनुसार पीड़ित के परिजन जगदीश खटीक निवासी गोविंद ढाणी, दलवासा ने थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई है। रिपोर्ट में बताया गया कि गत 16 अक्टूबर को शिवराज अपनी पत्नी से मिलने देवली आया था। इसी दौरान डिबॉक बीयर बार के पास कुछ लोगों द्वारा उसके साथ मारपीट करने और उसे जबरन अपने साथ ले जाने का आरोप लगाया गया है।
परिवादी की रिपोर्ट के मुताबिक, शिवराज को एजेंसी एरिया स्थित गुर्जर मोहल्ले में ले जाकर पेट्रोल डालकर आग लगा दी गई। घटना में वह गंभीर रूप से झुलस गया। स्थानीय लोगों ने बीच-बचाव कर उसे अस्पताल पहुंचाया। रिपोर्ट में नन्दा निवासी जहाजपुर, हाल निवासी एजेंसी एरिया गुर्जर मोहल्ला, देवली तथा अजय खटीक सहित 4-5 अन्य व्यक्तियों पर मारपीट करने, युवक को जबरन ले जाकर बंधक बनाने और जान से मारने की नीयत से पेट्रोल डालकर आग लगाने के आरोप लगाए गए हैं।
पुलिस ने परिवादी की रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर जांच एएसआई शिवकुमार को सौंपी है। पुलिस घटनास्थल और उपलब्ध सीसीटीवी फुटेज के आधार पर साक्ष्य जुटा रही है। मामले में आरोपों की जांच जारी है और पुलिस की अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।



