-
पुलिस ने पिकअप से चोरी का किया खुलासा
-
26 सितंबर को चर्च रोड स्थित दुकान के पास से चोरी हुआ था बालों से भरा बैग
Deoli News 19 अक्टूबर (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) टोंक जिला पुलिस अधीक्षक रोशन मीना के निर्देश पर वांछित अपराधियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत देवली थाना पुलिस ने चोरी के एक मामले में कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया है।
थाना प्रभारी प्रीति रत्नू के अनुसार आरोपी पर पिकअप में रखे लाखों रुपए कीमत के बालों से भरे कट्टे को चुराने का आरोप है। पुलिस ने तकनीकी सूचना और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार गत 26 सितंबर को देवली के चर्च रोड स्थित विमल कुमार सिंहल की दुकान से लाखों रुपए का बालों से भरा कट्टा चोरी हो गया था। यहां पिकअप सवार एक युवक दुकान के बाहर रखे बालों से भरे कट्टे को उठाकर ले गया था। इस संबंध में 4 अक्टूबर मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। चोरी की वारदात के बाद पुलिस ने माल व आरोपी की तलाश शुरू की। पुलिस टीम ने विभिन्न स्थानों पर लगे सैकड़ों सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले।
इसके साथ ही तकनीकी साक्ष्य और मुखबिरों से प्राप्त सूचनाओं के आधार पर संदिग्ध की पहचान कर तलाश शुरू की गई। लगातार प्रयासों के बाद पुलिस ने आरोपी राहुल गवारिया को चौमू टोल गिरफ्तार कर लिया। आरोपी पुलिस से बचने के लिए फोन बंद कर एमपी, झुंझुनू, सीकर आदि में छिप रहा था। गिरफ्तार आरोपी 22 वर्षीय राहुल गवारिया निवासी द्वितीय पनवाड़ मोड़ कॉलोनी, देवली है। पुलिस के अनुसार आरोपी शातिर चोर है और उसके संबंध में पूर्व में चालानशुदा अपराधियों से जुड़ी जानकारी भी जुटाई गई। यह कार्रवाई पुलिस टीम का नेतृत्व थाना प्रभारी प्रीति रत्नू ने किया।
कार्रवाई में साइबर सेल के सुरेश चावला, सहायक उप निरीक्षक अब्दुल वहाब, पुलिसकर्मी मोहम्मद इस्माइल इमरान सहित अन्य पुलिसकर्मियों की विशेष भूमिका रही। पुलिस मामले में आरोपी से पूछताछ कर चोरी की वारदात से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच कर रही है।
वारदात से संबंधित खबर:-
दिन में ही दुकान के बाहर से बोरा चोरी, सीसीटीवी में कैद वारदात


