Deoli News 22 अक्टूबर (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) श्री महाराज अजमीढ़ जयंती के अवसर पर श्री मेढ़ क्षत्रिय स्वर्णकार समाज देवली की ओर से 23 से 25 अक्टूबर तक तीन दिवसीय कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। आयोजन को लेकर समाज की ओर से तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।
समाज अध्यक्ष एवं देवली के पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष कैलाश सोनी तथा महामंत्री भवानी शंकर सोनी ने बताया कि कार्यक्रमों की शुरुआत 23 अक्टूबर सुबह 10 बजे रक्तदान शिविर के साथ होगी। शिविर में केशव ब्लड बैंक सोसाइटी की ओर से रक्त संग्रहण किया जाएगा। दूसरे दिन 24 अक्टूबर को सुबह 11:30 बजे से शाम 5 बजे तक खेलकूद प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। शाम 5 बजे सामूहिक भोजन तथा रात 8 बजे सांस्कृतिक कार्यक्रम होगा। आयोजन के अंतिम दिन 25 अक्टूबर को सुबह 8:30 बजे गणेश स्थापना की जाएगी।
दोपहर 12 बजे विभिन्न कार्यक्रमों की बोलियां लगाई जाएंगी। इसके बाद सत्यनारायण कथा, अपराह्न 3 बजे शोभायात्रा, भजन-कीर्तन (महिला मंडल) की ओर से होगा। शरद पूर्णिमा महाआरती के बाद प्रसाद वितरण के साथ किया जाएगा। अंतिम दिन मुख्य अतिथि समाज के विजय कुमार जवड़ा (केकड़ी) होंगे। समाज पदाधिकारियों ने बताया कि 25 अक्टूबर को समाज के लोग अपने प्रतिष्ठान बंद रखकर जयंती समारोह में भाग लेंगे।



