गौरव पथ पर सजने लगा ऊनी कपड़ों का बाजार
Deoli News 22 अक्टूबर (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) मौसम में बदलाव के साथ ही देवली में अब गुलाबी सर्दी का अहसास होने लगा है। दिन के समय गर्मी का असर कम होने लगा है, वहीं सुबह और शाम के वक्त हल्की ठंडक महसूस की जा रही है।
बदलते मौसम के बीच लोगों की दिनचर्या में भी बदलाव नजर आने लगा है। शहर के गौरव पथ, जयपुर रोड और चर्च रोड सहित हरियाली वाले इलाकों में सुबह-शाम गुजरने पर ठंडक का अहसास अधिक हो रहा है। रात 12 बजे के बाद कई घरों में पंखों की रफ्तार कम करनी पड़ रही है, तो कुछ लोग पंखे बंद करने लगे हैं। सुबह करीब 8 बजे तक स्कूल जाने वाले बच्चों को भी हल्की ठंड महसूस होने लगी है। ऐसे में बच्चों को ठंड से बचाने के लिए अभिभावक एहतियात बरतने लगे हैं। बदलते मौसम का असर बाजार में भी दिखाई देने लगा है। शहर के गौरव पथ पर तिब्बती शरणार्थियों का ऊनी कपड़ों का बाजार सजना शुरू हो गया है। हालांकि यहां कपड़ों की बिक्री दिवाली के करीब से शुरू होगी।


वहीं, घरों में खानपान भी मौसम के अनुरूप बदलने लगा है। गर्मी के दिनों के भोजन से मन भरने के बाद कुछ घरों में मक्का की रोटी भी बनने लगी है। लोग देशी मक्का की तलाश में जुट गए हैं। फिलहाल सर्दी का ज्यादा असर हल्का है, लेकिन सुबह-शाम की ठंडक ने मौसम में बदलाव का संकेत दे दिया है। लोगों को उम्मीद है कि दीपावली तक ठंडक और बढ़ सकती है तथा हल्के ऊनी कपड़ों की जरूरत महसूस होने लगेगी। गुरुवार को न्यूनतम तापमान 19 से 20 डिग्री रहने के आसार है, जो शुक्रवार सुबह 5 बजे तक अनुमानित है। इसी तरह अधिकतम तापमान 34 से 35 डिग्री रहने का अनुमान है।



