अंबेडकर विचार मंच ने सौंपा ज्ञापन
Jahazpur News 4 अप्रैल (मोहम्मद आज़ाद नेब) अनुसूचित जाति जनजाति समुदाय के खिलाफ सार्वजनिक रूप से आपत्तिजनक व अपमानजनक टिप्पणी करने के आरोप में अधिशाषी अभियंता सुधीर कुमार सोनी को बर्खास्त करने की मांग को लेकर अंबेडकर विचार मंच ने विरोध दर्ज करवाया है।
मंच के अध्यक्ष रामजस मीणा के नेतृत्व में उपखंड कार्यालय पर मुख्यमंत्री और मुख्य सचिव के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में बताया कि सुधीर सोनी, जो कि इंदिरा गांधी नहर परियोजना, सर्कल-तृतीय, जैसलमेर में कार्यरत हैं। जिन्होंने सोशल मीडिया पर एक वीडियो के माध्यम से अनुसूचित जाति व जनजाति समुदाय को “अनपढ़, ग्वार” कहकर उनके डीएनए पर सवाल उठाए हैं।
इससे संबंधित वीडियो वायरल होने के बाद समाज में भारी आक्रोश व्याप्त है। इस मामले में जैसलमेर थाने में आपराधिक मुकदमा भी दर्ज कराया गया है। ज्ञापन में मंच ने कहा कि यह केवल एक समुदाय नहीं, बल्कि पूरे देश के संविधान और सामाजिक सौहार्द का अपमान है। मंच ने मांग की है कि सुधीर सोनी के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई करते हुए उन्हें तुरंत सेवा से बर्खास्त किया जाए। यदि सरकार ने समय रहते कार्रवाई नहीं की, तो संभावित जन आंदोलन की जिम्मेदारी सरकार की होगी।
यहां नर्सिंग ऑफिसर लक्ष्मण सिंह, किशनलाल मीना, एएनएम यूनियन अध्यक्ष ललिता मीना, ज्योति रेगर, पिंकी रेगर, नर्बदा मेघवंशी, कान्ता मीना, अनिता मीना, यज्ञश्री मीना, खुशबू प्रतिहार, संगीता मीना, बीना मीना, प्रमिला, कमलेश मीना, ममता मीना, एमपीडब्ल्यू खेमराज मीना, एसटीए रामप्रसाद, अमर चंद कलाल, भावना रेगर, निर्मला मीना सहित कार्यकर्ता मौजूद थे।



