बढ़ेंगे कर्मचारी तो मिलेगी राहत
Deoli News 15 जुलाई (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) उपजिला अस्पताल देवली में बुधवार सुबह अन्य दिनों की तरह पंजीयन (पर्ची) काउंटर पर मरीजों की लंबी कतारें देखने को मिलीं। उपचार के लिए पहुंचे रोगियों को पर्ची बनवाने के लिए कुछ समय तक इंतजार करना पड़ा। लिहाजा इलाज के लिए डॉक्टर तक पहुंचने के लिए भी मरीजों को कड़ी मशक्कत करनी पड़ रही है।
कतार इतनी लंबी थी कि मुख्य द्वार तक पहुंच गई, जो बाहर तक चली गई। कई मरीजों को करीब आधा घंटा प्रतीक्षा के बाद पर्ची मिल सकी। मरीजों व उनके परिजनों ने अस्पताल में पर्ची काउंटरों की संख्या बढ़ाने की मांग की है। उनका कहना है कि अस्पताल में प्रतिदिन बड़ी संख्या में मरीज पहुंचते हैं, ऐसे में अतिरिक्त काउंटर शुरू होने से पंजीयन प्रक्रिया तेज होगी और रोगियों को समय पर उपचार मिल सकेगा।
“यह बोले जिम्मेदार”
इस बारे में उप जिला अस्पताल के प्रभारी डॉ. रविराज सिंह ने बताया कि मामले में तत्काल संज्ञान लिया गया है। उन्होंने कहा कि बुधवार को एक कंप्यूटर ऑपरेटर बिना सूचना अनुपस्थित था, जिसे नोटिस जारी किया जा रहा है तथा उसकी अनुपस्थिति भी दर्ज की जाएगी। सूचना मिलते ही दूसरे कंप्यूटर ऑपरेटर को तुरंत व्यवस्था में लगाया गया।
उन्होंने बताया कि अस्पताल में जल्द ही अतिरिक्त कंप्यूटर ऑपरेटर लगाए जाएंगे, जिससे पर्ची बनवाने में लगने वाला समय कम होगा और मरीजों को राहत मिलेगी। जानकारी के अनुसार वर्तमान में पर्ची काउंटर पर दो कंप्यूटर ऑपरेटर कार्यरत हैं, जबकि चार पद स्वीकृत हैं। अतिरिक्त ऑपरेटरों की नियुक्ति होने से अस्पताल की पंजीयन व्यवस्था और अधिक सुचारु होगी।



