Deoli News 4 जनवरी (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) बीसलपुर बांध विस्थापितों की मांगों को लेकर राष्ट्रीय विस्थापित संघर्ष समिति द्वारा देवली तहसील परिसर के बाहर दिया जा रहा धरना रविवार को 13वें दिन भी अनवरत जारी रहा।
हाड़ कंपाने वाली ठंड के बावजूद विस्थापित व संघर्ष समिति से जुड़े लोग अपनी मांगों के समर्थन में डटे हुए हैं। आंदोलन के 13वें दिन ब्लॉक सरपंच संघ और पंचायत समिति देवली सरपंच संघ के अध्यक्ष चौथमल मीणा ने धरना स्थल पहुंचकर विस्थापितों को अपना पूर्ण समर्थन देने की घोषणा की। वक्ताओं ने कहा कि विस्थापित अपने हक की लड़ाई लंबे समय से लड़ रहे हैं, लेकिन प्रशासन की अनदेखी के कारण उन्हें मजबूरन इस कड़ाके की सर्दी में खुले आसमान के नीचे बैठना पड़ रहा है। रविवार को धरने पर कार्यवाहक अध्यक्ष विजयलक्ष्मी जांगिड़, सत्यनारायण सरसड़ी, एडवोकेट बाबूलाल मीणा, कजोड़ वैष्णव, सुनीता मीणा, सोजी खटीक, पप्पू खटीक, जगदीश धाकड़, प्रहलाद जांगिड़, पूर्व सरपंच राज बहादुर वर्मा, धनराज मीणा, कुलदीप मीणा, सतीश वर्मा, कजोड़मल चौधरी, नानूलाल चौधरी सहित मौजूद थे। बता दे कि संघर्ष समिति के अध्यक्ष मुकुट सिंह राणावत ने पिछले दिनों समिति के पद से इस्तीफा दे दिया था। इसके बाद से कार्यवाहक अध्यक्ष के नेतृत्व में यह धरना जारी है। करीब दो सप्ताह बाद भी धरना दे रहे लोगों को किसी तरह का कोई आश्वासन नहीं मिला।



