शक्करगढ़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई
Jahazpur News 17 फरवरी (मोहम्मद आज़ाद नेब) शक्करगढ़ थाना पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए कपास फसल की आड़ में उगाई गई अवैध अफीम की फसल को नष्ट कर 813.300 किलोग्राम डोडा पोस्त जब्त किया।

थानाधिकारी हेमराज मीणा ने बताया कि पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि गांव माल का खेड़ा में शिवराज मीणा ने अपने खेत में कपास की फसल के बीच अवैध रूप से अफीम के 17,600 पौधे उगा रखे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और खेत की तलाशी ली। जांच में सामने आया कि खेत के चारों ओर कपास की फसल उगाकर बीच में अफीम की खेती की जा रही थी, ताकि किसी को इस अवैध गतिविधि की भनक न लगे। जब पुलिस टीम खेत में पहुंची तो खेत मालिक वहां मौजूद नहीं था। पुलिस ने उसकी तलाश में कुएं पर बने मकान की भी तलाशी ली, लेकिन वह फरार मिला।
इसके बाद अवैध अफीम की फसल को उखाड़कर 38 कट्टों में भरकर थाने लाया गया, जिनका वजन 813.300 किलोग्राम निकला। पुलिस ने इस मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की जांच कोटड़ी थानाधिकारी को सौंपी है। पुलिस अब फरार खेत मालिक शिवराज मीणा की तलाश में जुटी है। क्षेत्र में इस तरह की अवैध गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है।


