गत 31 मार्च को हुई थी बुजुर्ग की मौत, घटना से सबक लेने की जरुरत
Deoli News 27 अप्रैल (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) शहर के रोडवेज बस स्टैंड परिसर के पीछे स्थित जलदाय विभाग कार्यालय के समीप मधुमक्खियां के दर्जनों छत्ते कभी जानलेवा साबित हो सकते हैं। वही सफाई कर्मचारियों की लापरवाही किसी की जान ले सकती है।
दरअसल यहां मधुमक्खियां के छत्ते के नीचे कचरा जलाने से मधुमक्खियां के छिड़ने का खतरा रहता है। क्षेत्र के लोगों ने बताया कि यहां जलदाय विभाग के कार्यालय के करीब लगे पेड़ पर 27 छत्ते मधुमक्खियां के लगे है। इसी तरह पानी की टंकी के पास भी मधुमक्खियां के छत्ते लगे हैं। वही रोजाना यहां आने वाला सफाई कर्मचारी इन पेड़ के नीचे कचरा जलाता है। जिसकी वजह से मधुमक्खियां छिड़ने का खतरा रहता है। यदि ऐसा हुआ तो कभी मधुमक्खियां के हमले से किसी राहगीर एवं क्षेत्रवासी की जान जा सकती है।
लोगों ने बताया कि गत 21 मार्च को अमरवासी निवासी किशन सिंह राणावत के साथ यही हादसा हुआ था। किशन सिंह अपने गांव जाने के लिए यहां बस स्टैंड के पीछे की ओर बैठे थे। तब मधुमक्खियां ने उन पर हमला कर दिया। जिसमें वह गंभीर घायल हो गए। बाद में उनकी जयपुर में उपचार के दौरान मौत हो गई थी। यह घटना हृदय विदारक थी। यदि प्रशासन समय रहते नहीं चेता तो फिर से ऐसी घटना हो सकती है।
यह हो सकता है समाधान
लोगों ने बताया कि यहां आस-पास एवं बस स्टैंड के लोग कचरा डालते हैं। यह रोज का क्रम है। लिहाजा उक्त जगह से कचरा डिपो आगे कही दूसरी जगह स्थानांतरित किया जाए या फिर यहां लगे इस पेड़ को हटाया जाए, ताकि मधुमक्खियां के छत्ते यहां से हट सके। बता दे कि कार्यालय के पास आवासीय बस्ती भी है। उल्लेखनीय है कि इससे पहले पिछले दिनों गांधी पार्क के समीप खड़ी मारुति ईको कार भी कचरा जलाने से आग की चपेट में आ गई थी।


