देवली निवासी एवं निम्बाहेड़ा एसडीएम विकास पंचोली ने विधिवत पूजा अर्चना कर खोले गेट
Deoli News 4 सितंबर (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) बीसलपुर डेम के कैचमेंट एरिया में मंगलवार रात हुई भारी बारिश के बाद अब बीसलपुर डेम के पूर्ण जलभराव की सम्भावनाएं बढ़ गई है। बुधवार दोपहर एक बजे गम्भीरी डेम में भारी आवक के चलते 4 गेट खोल दिए गए है।

यह आसार इसलिए भी दिख रहे है कि गम्भीरी डेम के गेट खुलने के बाद बेड़च नदी में जलप्रवाह बढ़ेगा। फिलहाल गोवटा, जेतपुरा बांधो से पानी आवक बनी हुई है। लेकिन क्षेत्रीय वर्षा व गम्भीरी डेम के गेट खुलने के चलते लगता है कि 48 घण्टों के बाद बीसलपुर डेम लबालब होकर छलक सकता है।चित्तौड़गढ़ जिले में मंगलवार रात भारी वर्षा होने की सूचना है। बुधवार सुबह गम्भीरी डेम छलक गया और रपट से पानी बह निकला है। दोपहर एक बजे निम्बाहेड़ा एसडीएम व देवली निवासी विकास पंचोली ने विधिवत पूजा अर्चना के बाद 4 गेटों को एक-एक मीटर तक खोल नदी में पानी की निकासी की है।
जिससे ये पानी बेड़च नदी से होता हुआ मांडलगढ़ के समीप त्रिवेणी पर आएगा। जिससे बीसलपुर डेम में अब तेजी से पानी की आवक होगी। ये पानी लगभग 20 घण्टों की अवधि में डेम की अपस्ट्रीम में पहुँचेगा। वर्तमान में बीसलपुर डेम आरएल 315 मीटर के आंकड़े को छूने से महज 12 सेमी दूर है। आज सुबह 10 बजे बीते 4 घण्टों में 3 सेमी पानी की आवक हुई है। इस गति को देखते हुए बुधवार रात तक डेम का जलस्तर 315 मीटर होने की पूर्ण आशा है। इसके बाद यदि त्रिवेणी पर आवक लगातार बनी रही तो अगले दो दिनों में बीसलपुर डेम न केवल पूर्ण भर सकता, बल्कि गेट खुल सकते है। उधर, बीसलपुर परियोजना के अधिशासी अभियंता मनीष बंसल ने बताया कि डेम के पूर्ण जलभराव स्थिति के पहुँचने की आशा बनी है।
विभाग ने डेम में अत्यधिक पानी आने की दशा में गेटों के खोलने की सभी तैयारियां जांचनी शुरू कर दी है। कुल मिलाकर कहे बीसलपुर डेम के लिए अगले 48 घण्टे बहुत अहम साबित होने वाले है।उल्लेखनीय है बीते 20 वर्षो में बीसलपुर डेम 5 बार छलक चुका है इस वर्ष यदि ऐसा होता है तो बीसलपुर डेम 6 वीं बार छलकेगा। डेम का जलस्तर दोपहर 2 बजे आरएल 314.88 मीटर हो गया है। जबकि त्रिवेणी पर 10 सेमी गेज कम हुआ है, जो अब 3.40 मीटर रह गई है।



