Deoli News 25 अप्रैल (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) टोंक जिले में भीषण गर्मी को देखते हुए जिला कलक्टर डॉ. सौम्या झा ने शुक्रवार को जिले के सभी राजकीय और गैर-राजकीय विद्यालयों के समय में बदलाव के आदेश दिए हैं।
नए आदेश के अनुसार प्री-प्राइमरी से कक्षा 8वीं तक के छात्रों के लिए विद्यालय का समय 26 अप्रैल से सत्रांत तक सुबह 7:30 बजे से 11:30 बजे तक होगा। जबकि कक्षा 9वीं से 12वीं तक के छात्रों, सभी स्टाफ और अन्य परीक्षाओं का समय यथावत रहेगा। जिला कलक्टर ने आपदा प्रबंधन अधिनियम 2005 के तहत प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए यह आदेश पारित किए हैं।
आदेश की अवहेलना करने वाले विद्यालयों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। यह निर्णय जिले में बढ़ते तापमान और लू की स्थिति को देखते हुए लिया गया है, ताकि छात्रों को गर्मी से बचाया जा सके।



