Deoli News 17 अप्रैल (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) ग्राम पंचायत बडोली के संग्रामपुरा को नई ग्राम पंचायत ठीकरिया कला में सम्मिलित करने पर विरोध करते हुए बडोली ग्राम पंचायत ग्रामीणों ने गुरुवार को जिला कलक्टर, विधायक राजेंद्र गुर्जर, तहसीलदार दूनी को ज्ञापन प्रस्तुत किया है।
इसमें बताया कि ग्राम पंचायत बडोली के संग्रामपुरा को यथावत बडोली पंचायत में ही रखा जाए, क्योंकि ठीकरिया कला संग्रामपुरा से 7 किलोमीटर दूर है। जबकि बडोली से संग्रामपुरा की दूरी मात्र 700 मीटर है तथा मंदिर, श्मशान, तालाब सब एक जगह है। ग्राम पंचायत बडोली के संग्रामपुरा के लोगों के साथ पंचायत के करीब 150 लोगों ने धनपाल सैनी एवं अन्य लोगों के साथ में यह ज्ञापन प्रस्तुत किया।
सामान्य सीट रखने का अनुरोध
इसी तरह देवली के ग्राम ठगरिया पुर्नवास कॉलोनी और प्रताप कॉलोनी के लोगों ने उपखंड अधिकारी देवली को एक ज्ञापन सौंपा है।
जिसमें उन्होंने अपने क्षेत्र को नगर पालिका देवली के वार्ड में सामान्य सीट आरक्षित करने का अनुरोध किया है। वर्तमान में, इन दोनों कॉलोनियों को अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित किया गया है, लेकिन स्थानीय निवासी इसे बदलकर सामान्य सीट के रूप में आरक्षित करना चाहते हैं। ग्रामवासियों का कहना है कि उनके क्षेत्र को नगर पालिका मंडल देवली में शामिल किया गया है और वे इस बदलाव के लिए आवश्यक कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।



