Deoli News 22 अप्रैल (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) ग्राम पंचायत हिसामपुर के रघुनाथपुरा के ग्रामीणों ने मंगलवार को जिला कलक्टर टोंक एवं देवली तहसीलदार वीरेंद्र सिंह शक्तावत को ज्ञापन सौंपकर हिसामपुर पंचायत में यथावत रखने की मांग की है।
ज्ञापन में ग्रामीणों ने बताया कि हाल ही में राजस्व ग्राम रघुनाथपुरा को नई ग्राम पंचायत के पुनर्गठन में ग्राम पंचायत रतनपुरा में सम्मिलित करने का प्रस्ताव तैयार किया है। जबकि रघुनाथपुरा की ग्राम पंचायत रतनपुरा से दूरी करीब 10 किलोमीटर है। जबकि हिसामपुर से दूरी महज 2 किलोमीटर है। ऐसे में ग्रामीणों को ग्राम पंचायत से संबंधित कामकाज के लिए दूर जाना पड़ेगा। वहीं राजस्व रिकॉर्ड में भी बतौर ग्राम रघुनाथपुरा पटवार हल्का हिसामपुर में ही सम्मिलित है।
लिहाजा ग्रामीणों ने रघुनाथपुरा को ग्राम पंचायत हिसामपुर में यथावत रखने की मांग की है। ज्ञापन सौंपने में रतिराम, मोहनलाल, जगदीश प्रसाद धाकड़, नरेंद्र, परमेश्वर धाकड़, रामचंद्र, जगदीश, कालूराम, सोजीलाल, बृजराज शर्मा समेत कई ग्रामीण मौजूद थे। इसी तरह राजस्व ग्राम बेनपा के ग्रामीणों ने, बेनपा को ग्राम पंचायत बनाने व ऐसा नहीं करने पर ग्राम पंचायत टोडा का गोठड़ा में ही यथावत रखने की मांग को लेकर मंगलवार को उपखंड अधिकारी मनोज कुमार मीणा को ज्ञापन सौपा है।



