Friday, September 4, 2026
No menu items!
spot_imgspot_imgspot_imgspot_img
HomeDainik Bureau Deskघर-घर जनसंपर्क तेज, चुनावी रंग में रंगने लगा देवली, फिर भी पिछले...

घर-घर जनसंपर्क तेज, चुनावी रंग में रंगने लगा देवली, फिर भी पिछले चुनावों जैसी रौनक नहीं

(ग्राउंड रिपोर्ट)


Deoli News 4 सितंबर (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) नगर पालिका चुनाव को लेकर शहर के 35 वार्डों में कांग्रेस, भाजपा और निर्दलीय प्रत्याशी अपनी जीत के लिए जी-तोड़ मेहनत कर रहे हैं। सुबह से लेकर देर रात तक प्रत्याशी और उनके समर्थक मतदाताओं से संपर्क कर उन्हें अपने पक्ष में मतदान के लिए रिझाने में जुटे हैं। इस बार देवली गांव, बोयड़ा, अंबापुरा, शहर के जयपुर रोड तक का क्षेत्र नगर पालिका में शामिल है।

शुक्रवार को रिटर्निंग अधिकारी कार्यालय की ओर से निर्दलीय प्रत्याशियों को चुनाव चिन्ह आवंटित किए जाने के बाद प्रचार में भी तेजी आई है। चुनाव चिन्हों के भौतिक स्वरूप जैसे गुब्बारे, कैंची, सेब, गैस का चूल्हा, बाल्टी, चप्पल सहित अन्य प्रचार सामग्री की मांग बढ़ गई है और प्रत्याशी अपने चुनाव चिन्ह के साथ प्रचार-प्रसार में जुट गए हैं। शहर के अलग-अलग वार्डों में महिलाएं भी टोलियां बनाकर घर-घर संपर्क कर रही हैं। मतदान की तारीख नजदीक आने के साथ ही मतदाताओं से अधिक से अधिक संपर्क साधने का प्रयास किया जा रहा है। खासकर कांग्रेस और भाजपा के बीच आमने-सामने की टक्कर वाले करीब आधा दर्जन वार्डों में मुकाबला रोचक और कांटे का नजर आ रहा है।

हालांकि पिछले नगर पालिका चुनावों की तुलना में इस बार चुनावी रौनक अपेक्षाकृत कम दिखाई दे रही है। वार्डों में पार्टियों के झंडे, फर्रियां और अन्य प्रचार सामग्री भी कम नजर आ रही है, वहीं अभी तक किसी प्रत्याशी की ओर से साउंड अनाउंसमेंट भी प्रमुख रूप से सामने नहीं आया है। ज्यादा से ज्यादा पार्टी की झंडिया केवल कार्यालय पर लहराती दिख रही है।

साइलेंट है मतदाता, मौन है माहौल

प्रत्याशी इस बार मतदाताओं तक पहुंच बनाने में जुटे हैं, जबकि मतदाता भी अपनी पसंद को लेकर चुप्पी साधे हुए हैं। प्रत्याशी कितना भी प्रयास कर लें, मतदाता अपने मन की बात आसानी से खोलने को तैयार नहीं हैं। दूसरी ओर चुनावी गतिविधियों के बीच कार्यालयों के उद्घाटन पर अल्पाहार, बर्फी, रबड़ी, कचौरी-पकौड़ी, चाय की चुस्कियां और विभिन्न मिठाइयों की मांग भी बढ़ी हुई है। इस बार गुबारे की भी खूब बिक्री हुई है। चुनावी कार्यालयों के उद्घाटन के साथ स्वतंत्रता दिवस और श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के आयोजनों के चलते देवली में गुब्बारों की बिक्री में भी तेजी देखी गई है।

भाजपा प्रत्याशी सुनीता मिश्रा के चुनावी कार्यालय का उद्घाटन

नगर पालिका देवली के वार्ड 26 से भाजपा प्रत्याशी सुनीता मिश्रा पत्नी घनश्याम गौतम के चुनावी कार्यालय का शुक्रवार उद्घाटन हुआ। कार्यक्रम में सत्यनारायण माहेश्वरी, प्रवीण जैन, राधेश्याम मालू, रामनारायण शर्मा, नवल किशोर चतुर्वेदी, नोरत जैन, दिनेश गौतम, सुरेश गौतम, दिनेश गोयल व गजेन्द्र जिंदल सहित वार्डवासी मौजूद रहे और भाजपा प्रत्याशी के समर्थन में मतदान की अपील की। सुनीता गौतम ने वार्ड की मूलभूत समस्याओं को प्राथमिकता से दूर करने तथा वार्ड को स्वच्छ रखने का संकल्प बताया। कार्यक्रम में भाजपा मंडल अध्यक्ष अंकित जैन, शिवजीराम प्रतिहार, सुरेश अग्रवाल, राजेंद्र साहू, कुलदीप सेन, अमित गौत्तम, सुमित व शिवजी नागर सहित वरिष्ठजन, युवा, महिलाएं और पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित थी।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here