Deoli News 3 सितंबर (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) देवली में जलझूलनी एकादशी के पावन पर्व पर बुधवार को शहर के विभिन्न मंदिरों से ठाकुरजी की मनमोहक बेवाण यात्रा निकाली गई। यह धार्मिक शोभायात्रा शहर में श्रद्धा और भक्ति का माहौल बिखेरती रही।
जिसमें सैकड़ों की संख्या में श्रद्धालु उमड़ पड़े। शाम 4 बजे के बाद श्रीराम दरबार, लक्ष्मीनाथ मंदिर, श्रीगोपाल जी मंदिर, श्रीनरसिंह भगवान और श्रीचारभुजानाथ सहित प्रमुख मंदिरों के ठाकुरजी को आकर्षक बेवाणों में विराजमान किया गया। इन बेवाणों को फूलों से खूबसूरती से सजाया गया था। सभी बेवाण यात्राएं शहर के छतरी चौराहे पर आकर एक हुईं, जहाँ श्रद्धालु का सैलाब उमड़ पड़ा। श्रद्धालुओं ने ठाकुरजी के दर्शन किए और उन्हें फल, फूल और अन्य भेंट अर्पित कर पुण्य कमाया। कई श्रद्धालुओं ने परिक्रमा कर अपनी आस्था प्रकट की।
छतरी चौराहे से लेकर ममता सर्कल तक, सड़क के दोनों ओर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखी गई। श्रीचारभुजानाथ मंदिर के अनुज पुजारी ने बताया कि। नगर भ्रमण के बाद ठाकुरजी को पारंपरिक रूप से जल विहार कराया गया। नेकचाल बालाजी मंदिर परिसर में ठाकुरजी की सामुहिक आरती की गई। इस अवसर पर कई भक्तों ने उपवास रखा और शाम को ठाकुरजी को भोग लगाने के बाद फलाहार ग्रहण किया। इसी तरह ग्रामीण क्षेत्र में भी विभिन्न ठाकुरजी के मंदिरों से बेवाण यात्रा निकाली गई।



