(विश्व जल दिवस पर विशेष)
Jahazpur News 22 मार्च (मोहम्मद आज़ाद नेब) ग्राम पंचायत शक्करगढ़ के तत्कालीन सरपंच किशोर शर्मा को जल संरक्षण और भूजल स्तर बढ़ाने में उल्लेखनीय प्रयासों के लिए जल शक्ति दिवस 23 अप्रैल 2022 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा सम्मानित किया गया था।
देेश में केवल पांच सरपंचों को यह सम्मान प्राप्त हुआ था। उत्तरी भारत से अकेले किशोर शर्मा इस सूची में शामिल थे। अब भी इसी मिशन को लेकर किशोर शर्मा जुटे हैं। उन्होंने बताया कि वर्ष 2010 से 2020 के कार्यकाल के दौरान उन्होंने 40 कच्चे और पक्के एनीकटों का निर्माण करवाकर जल संरक्षण में अहम भूमिका निभाई। इससे न केवल जल स्तर बढ़ा, बल्कि क्षेत्र में सिंचाई के साधनों में भी सुधार हुआ। उनके प्रयासों से ग्रामीणों को जल संकट से राहत मिली और कृषि उत्पादन में वृद्धि हुई।
जल संरक्षण के साथ किशोर शर्मा ने ग्राम पंचायत के विभिन्न गांवों में 30-30 हेक्टेयर भूमि में कुल 20 हजार पौधे लगवाए। इस पहल ने क्षेत्र में हरियाली बढ़ाने और पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में योगदान दिया।शर्मा के प्रयासों से प्रेरित होकर उनकी पत्नी कौशल देवी भी सार्वजनिक सेवा में आगे आईं। वर्तमान में वे जहाजपुर पंचायत समिति की प्रधान के रूप में कार्यरत हैं और क्षेत्र के विकास में योगदान दे रही हैं। किशोर शर्मा का यह योगदान जल संरक्षण और पर्यावरण सुधार की दिशा में एक मिसाल व प्रेरणादायक है।



