Deoli News 10 अप्रैल (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) शहर स्थित श्री अग्रसेन शिक्षा सदन उच्च माध्यमिक विद्यालय में राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशानुसार ‘ट्रांसफॉर्मेटिव ट्यूजडेज’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
तालुका विधिक सेवा समिति के अध्यक्ष व मजिस्ट्रेट हर्ष मीणा के सानिध्य में आयोजित इस कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में विधिक जागरूकता और सामाजिक संवेदनशीलता विकसित करना रहा। मीणा ने मोबाइल के बढ़ते उपयोग को बच्चों के लिए घातक बताते हुए कहा कि इससे एकाग्रता और याददाश्त कमजोर हो रही है, साथ ही ऑनलाइन गेमिंग व साइबर बुलिंग के कारण मानसिक समस्याएं बढ़ रही हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को सरल भाषा में पॉक्सो एक्ट, जेजे एक्ट और बाल तस्करी जैसे गंभीर कानूनों की जानकारी दी और साइबर सेफ्टी के तहत फर्जी अकाउंट बनाने व ऑनलाइन ब्लैकमेलिंग को दंडनीय अपराध बताया।
सघन प्रवेश उत्सव का आगाज एवं साइबर अपराधों के प्रति छात्र जागरूक
निदेशालय माध्यमिक शिक्षा के आदेशानुसार सघन प्रवेश उत्सव के तृतीय चरण में जिला प्रभारी बजरंग लाल कड़वासरा व सीबीईओ हरि नारायण वैष्णव ने राउप्रावि बंथली का निरीक्षण कर ग्रामीणों को सरकारी स्कूलों में प्रवेश के लिए प्रेरित किया। इस दौरान प्रभारी देवेंद्र कुमार मेघवंशी के निर्देशन में सर्वे दलों ने 122 घरों का डेटा ऑनलाइन कर प्रवेश बाधाओं को दूर किया। दूसरी ओर दूनी के पीएम श्री विद्यालय में आयोजित विधिक जागरूकता शिविर में न्यायाधीश माधवी गोस्वामी ने छात्र-छात्राओं को बढ़ते साइबर क्राइम, बैंकिंग फ्रॉड और सोशल मीडिया खतरों से बचने के गुर सिखाए।
यहां न्यायाधीश ने पॉक्सो एक्ट, बाल विवाह निषेध और नि:शुल्क शिक्षा के अधिकारों की जानकारी देते हुए विद्यार्थियों के कानून संबंधी जिज्ञासाओं का समाधान किया। प्रधानाचार्य कैलाश वर्मा व शांतिलाल शर्मा की उपस्थिति में हुए इस कार्यक्रम में सुरक्षित इंटरनेट उपयोग व कानूनी अधिकारों पर जोर दिया गया। विद्यालय स्टाफ व न्यायिक अधिकारियों की मौजूदगी में दोनों अभियानों का उद्देश्य बच्चों को शिक्षा व सुरक्षा के प्रति जागरूक करना रहा।



