-
प्रथमाचार्य शांतिसागर महाराज के जीवन, साधना और धर्म प्रभाव पर होगी परिचर्चा
-
प्रतिदिन होंगे सांस्कृतिक कार्यक्रम
Deoli News 21 अक्टूबर (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) श्री महावीर दिगंबर जैन मंदिर एवं धर्मशाला ट्रस्ट तथा विद्या वैराग्य वर्धन वर्षायोग समिति, देवली के तत्वावधान में 22 अक्टूबर से पांच दिवसीय शांति सिंधु व्यक्तित्व परिचर्चा-2026 का आयोजन शुरू होगा। आयोजन को लेकर दिगंबर जैन मंदिर एवं धर्मशाला परिसर में तैयारियां की जा रही हैं।
कार्यक्रम के लिए धर्मशाला के बाहर पंडाल बनाया गया है, जिसमें करीब 700 से 800 लोगों के बैठने की व्यवस्था की गई है। वहीं करीब 100 स्थानों से लोग आयोजन में शामिल होंगे। आयोजन को लेकर बुधवार को जैन मुनि सुप्रभ सागर महाराज एवं वैराग्य सागर महाराज ने दिगंबर जैन मंदिर परिसर में मीडिया से बातचीत कर पांच दिवसीय कार्यक्रम की रूपरेखा की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि परिचर्चा में प्रथमाचार्य शांतिसागर महाराज के जीवन चरित्र, तप-साधना, त्याग, धर्म प्रभावना एवं समाज के प्रति उनके योगदान पर विस्तार से चर्चा की जाएगी।
उन्होंने बताया कि 22 अक्टूबर को प्रथमाचार्य शांतिसागर महाराज के गृहस्थ जीवन, परिवार एवं वंश परंपरा से संबंधित विषयों पर परिचर्चा होगी। इसके बाद 23 से 26 अक्टूबर तक उनके धार्मिक कार्यों, धर्म एवं जिनवाणी की रक्षा के लिए किए गए प्रयासों, व्रत-उपवास, जप-तप, उत्तर भारत में विहार एवं चातुर्मास की विशेषताओं तथा साधना के दौरान आए उपसर्गों पर चर्चा की जाएगी। साथ ही मुनि एवं आर्यिका दीक्षा, आचार्य पद, दीक्षित शिष्यों और उत्कृष्ट संलेखना जैसे विषयों को भी शामिल किया जाएगा। जैन मुनि सुप्रभ सागर महाराज ने बताया कि परिचर्चा के दौरान दिगंबर जैन साधुओं की चर्या, संयमित जीवन, जीवनपर्यंत पैदल विहार, जीवों की हिंसा से बचने के लिए पीछी धारण करने की परंपरा तथा प्राणीमात्र के कल्याण और अहिंसा का संदेश भी बताया जाएगा।
आयोजन का उद्देश्य प्रथमाचार्य शांतिसागर महाराज के जीवन आदर्शों एवं उनके आध्यात्मिक योगदान से समाज को परिचित कराना है। पांच दिवसीय आयोजन के दौरान प्रतिदिन रात्रि में सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। अंतिम दिन शरद पूर्णिमा के अवसर पर आचार्य विद्यासागर महाराज के जीवन चरित्र पर आधारित नाटक का मंचन, वक्ताओं के विचार और भजन संध्या आयोजित की जाएगी। भजन संध्या में बाहर से आने वाले कलाकार भी अपनी प्रस्तुतियां देंगे। मीडिया से बातचीत के दौरान जैन समाज अध्यक्ष संजय जैन (काला), अंकित जैन डाबर, महावीर कुमार जैन सहित समाज के अन्य सदस्य मौजूद रहे। बातचीत के बाद जैन मुनियों ने उपस्थित मीडियाकर्मियों को आशीर्वाद दिया।



