-
गत 28 जुलाई को हुई थी वारदात
-
सीसीटीवी कैमरे भी तोड़े थे आरोपियों ने
Deoli News 4 अगस्त (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) थाना क्षेत्र के बीसलपुर बांध रोड पर रावता माताजी चौराहे स्थित शराब की दुकान के शटर को तोड़कर 45 हजार रुपए कीमत की देशी, अंग्रेजी शराब और गल्ले में रखी नकदी चुराने के मामले में देवली पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
थाना प्रभारी राजकुमार नायक ने बताया कि गत 2 अगस्त को शराब की दुकान के मालिक अक्ष सुवालका ने देवली पुलिस थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई। इसमें बताया कि गत 28 जुलाई की रात को सेल्समैन दुकान बंद कर घर चले गए थे। इस दौरान रात्रि को चोरों ने दुकान का शटर तोड़कर दुकान में रखी ब्लेंडर प्राइड, रॉयल चैलेंज, रॉयल स्टेज, मेकडॉल समेत कीमती शराब की बोतलें चुरा ली। इसी प्रकार वहां रखी देशी शराब एवं गल्ले में रखे 700 रुपए चुरा लिए। शराब की कीमत 45 हजार 785 रुपए आंकी गई। आरोपियों ने दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे को तोड़ दिया। इस देवली पुलिस उपाधीक्षक रामसिंह जाट के निर्देश पर एक टीम का गठन किया गया। जिसमें उप निरीक्षक दिलीप सिंह, हैड कांस्टेबल राजेश गुर्जर, कांस्टेबल राजेश शर्मा, अब्दुल वहाब और इस्माईल शामिल थे। आरोपियों को पकड़ने के लिए गठित दल ने इलाके के सीसीटीवी कैमरे और मुखबिर के सहयोग से आरोपी गिरफ्तार किए हैं।

यह है आरोपी
पुलिस ने केकड़ी जिला निवासी हेमराज पुत्र लक्ष्मण मोग्या निवासी उनियारा खुर्द थाना मोर, रायचंद्र पुत्र रामस्वरूप मोग्या निवासी उनियारा खुर्द थाना मोर जिला केकड़ी को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो आरोपियों ने रावता चौराहा स्थित शराब की दुकान से चोरी करना स्वीकार किया। वहीं दोनों आरोपियों ने बीसलपुर बांध क्षेत्र के आडा बालाजी मंदिर में नकबजनी की वारदात को अंजाम देना भी स्वीकार किया। इस दौरान पुलिस ने दोनों युवकों को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं दोनों आरोपियों से अन्य वारदातों के संबंध में भी पूछताछ की जा रही है।




