टक्कर मारने से पलटी स्विफ्ट कार
Deoli News 18 मई (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) थाना क्षेत्र के पुराने अजमेर मार्ग पर सोमवार दोपहर एक युवक पर जानलेवा हमले का मामला सामने आया है। आरोप है कि कार सवार बदमाशों ने युवक की स्विफ्ट कार का पीछा किया। इसके बाद फायरिंग और टक्कर मारकर उसे पलटा दिया।
घायल युवक को देवली के राजकीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। छातड़ी निवासी शंकरलाल मीणा ने बताया कि सोमवार की शाम 4 बजे वह देवली से अपने गांव लौट रहा था। इस दौरान रीके क्षेत्र के आगे देवनारायण होटल के पास एक काले रंग की स्कॉर्पियो और एक अन्य सफेद कार ने उसकी गाड़ी को घेर लिया। पीड़ित के अनुसार दोनों वाहनों में करीब 15 से 20 लोग सवार थे जो लकड़ियां लेकर उस पर हमले के लिए दौड़े। शंकरलाल ने बताया-जान बचाने के लिए अपनी कार तेज गति से भगाई। इसी दौरान आरोपियों ने उनकी कार पर फायरिंग कर दी। एक गोली कार के ऊपर से निकल गई, जबकि दूसरी टायर को निशाना बनाकर चलाई गई। इसके बाद दोनों वाहनों ने उनकी कार को साइड से टक्कर मारना शुरू कर दिया। लगातार टक्कर लगने से स्विफ्ट कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड्डे में पलट गई। पीड़ित ने बताया कि हादसे के बाद वह किसी तरह कार से बाहर निकला, लेकिन हमलावर फिर उसकी ओर दौड़े। ऐसे में वह पास के खेतों से होकर भाग निकला और अपनी जान बचाई। वारदात के बाद दोनों गाड़ियां तेज रफ्तार से देवली गांव की ओर फरार हो गईं।

अधिकारी भी मौके पर पहुंचे
घटना की सूचना मिलते ही देवली पुलिस उपाधीक्षक हेमराज और थाना प्रभारी दौलत राम गुर्जर मौके पर पहुंचे तथा घटनास्थल का निरीक्षण किया। बाद में एमआईयू (मोबाइल इन्वेस्टिगेशन यूनिट) टीम को बुलाकर साक्ष्य जुटाए गए। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ भी शुरू कर दी है। घायल युवक ने घटना की जानकारी अपने भाई शिवजीराम को फोन कर दी, जिसके बाद परिजन मौके पर पहुंचे। घायल शंकरलाल को तत्काल राजकीय अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार जारी है।
पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। घटनास्थल से अहम साक्ष्य जुटाए गए हैं तथा आरोपियों की पहचान के प्रयास जारी हैं। उन्होंने कहा कि जल्द ही मामले का खुलासा कर हमले के पीछे के कारणों का पता लगाया जाएगा।


